‘दृश्यम 3’ में इशिता दत्ता की एक्टिंग के कायल हुए वत्सल सेठ, बोले- अंजू सालगांवकर तुमने कमाल कर दिया

मुंबई, 6 अक्टूबर। अजय देवगन और तब्बू स्टारर सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में अंजू सालगांवकर का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री इशिता दत्ता की एक्टिंग की भी खूब तारीफ हो रही है। अब उनके पति और अभिनेता वत्सल सेठ ने भी सोशल मीडिया पर इशिता के अभिनय की जमकर सराहना की है।

वत्सल सेठ ने सोमवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीनों फिल्मों से जुड़े दृश्य नजर आ रहे थे। पत्नी इशिता की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा, “दृश्यम 3, क्या शानदार फिल्म है। अंजू सालगांवकर (इशिता दत्ता), तुमने तो कमाल ही कर दिया।”

अंजू के किरदार में दिखीं इशिता दत्ता

‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ में इशिता दत्ता ने विजय सालगांवकर यानी अजय देवगन की बड़ी बेटी अंजू सालगांवकर का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके किरदार को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। कहानी में सैम की मौत के बाद अंजू के किरदार के भीतर पैदा हुआ डर, तनाव और मानसिक आघात अहम भूमिका निभाता है। इशिता ने इन भावनाओं को पर्दे पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पेश किया है, जिसकी दर्शक तारीफ कर रहे हैं।

पहले दिन फिल्म ने की शानदार कमाई

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के साथ ही फिल्म ने रिलीज के पहले दिन शानदार कमाई की है। फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और रजत कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

आखिरी अध्याय में विजय और पुलिस के बीच माइंड गेम

यह फिल्म ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और अंतिम कड़ी है। कहानी विजय सालगांवकर और उसके परिवार तथा पुलिस के बीच चल रहे माइंड गेम के अंतिम अध्याय को आगे बढ़ाती है। इस बार मीरा देशमुख यानी तब्बू और उनके पति का साथ देने के लिए क्राइम ब्रांच के एसपी राजवीर सिंह तोमर के पास एक नया और मजबूत सबूत है। जयदीप अहलावत ने राजवीर सिंह तोमर का किरदार निभाया है। फिल्म का पहला हिस्सा राजवीर और विजय सालगांवकर के बीच टकराव पर केंद्रित है, जबकि कहानी आगे बढ़ने के साथ दूसरा भाग कोर्ट रूम ड्रामा में बदल जाता है। फिल्म का क्लाइमेक्स कहानी को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular