घरेलू शेयर बाजार में उठापटक जारी, सेंसेक्स 1097 अंकों की गिरावट से 79000 के नीचे फिसला, निफ्टी 315 अंक कमजोर
मुंबई, 6 मार्च। इजराइल-अमेरिका बनाम ईरान संघर्ष के चलते पश्चिम एशिया में गहराए संकट के बीच वैश्विक संकेतों के अनुरूप भारतीय शेयर बाजार में भी उठापटक का दौर जारी है। इस क्रम में निवेशकों की धारणा कमजोर होने से कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई सेंसेक्स 1,097 अंक टूटकर जहां 79,000 के नीचे चला गया वहीं निफ्टी 315 अंकों की कमजोरी से फिर 24,500 से नीचे जा फिसला। बाजार विश्लेषकों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बनाया।
सेंसेक्स 1.37 प्रतिशत टूटकर 78,918.90 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,097 अंक यानी 1.37 प्रतिशत टूटकर 78,918.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,203.72 अंक लुढ़ककर 78,812.18 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ छह के शेयर मजबूती पकड़ सके जबकि 24 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 315.45 अंकों के नुकसान से 24,450.45 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 315.45 अंक यानी 1.27 प्रतिशत के नुकसान के साथ 24,450.45 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के स्टॉक कमजोर रहे और 10 में मुनाफा हुआ।
इटर्नल व आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक सर्वाधिक 3.39 फीसदी गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से इटर्नल व आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक सर्वाधिक 3.39 फीसदी गिरे। एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, एनटीपीसी, इन्फोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
एफआईआई ने 3,752.52 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 3,752.52 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,153.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
ब्रेंट क्रूड 2.53 प्रतिशत चढ़कर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वहीं पश्चिम एशिया संकट गहराने से कच्चे तेल के दामों में तेजी के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.53 प्रतिशत चढ़कर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
