ICC टी20 विश्व कप : भारत-न्यूजीलैंड फाइनल से पहले होगा रंगारंग समापन समारोह, रिकी मार्टिन करेंगे परफॉर्म

अहमदाबाद, 6 मार्च। ICC टी20 विश्व कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर जा पहुंचा है, जहां रविवार (8 मार्च) को भव्य नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सह मेजबान भारत व न्यूजीलैंड के बीच खिताबी टक्कर होगी। गुरुवार की रात मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रनों की बरसात के बीच इंग्लैंड पर रोमांचक जीत से चौथी बार फाइनल में पहुंचे गत चैम्पियन भारत की निगाहें जहां उपाधि बचाने पर लगी हैं वहीं बुधवार को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका पर एकतरफा जीत हासिल करने वाला न्यूजीलैंड प्रतियोगिता के 10 संस्करणों में पहली बार चैम्पियन बनने की कोशिश करेगा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by ICC (@icc)

इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने फाइनल मुकाबले से पहले रंगारंग समापन समारोह की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें इंटरनेशनल पॉप सुपरस्टार रिकी मार्टिन भी अपनी प्रस्तुति देंगे। आईसीसी ने इसकी पुष्टि की है।

रिकी मार्टिन खास तौर पर तैयार किया गया लाइव परफॉर्मेंस देंगे

भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में रिकी मार्टिन खास तौर पर तैयार किया गया लाइव परफॉर्मेंस देने वाले हैं। अपनी दमदार आवाज, स्टेज पर जबर्दस्त मौजूदगी और दुनियाभर में लैटिन पॉप गानों के लिए लोकप्रिय इस गायक की प्रस्तुति की खबर सुन फैंस रोमांचित हैं। रिकी से उम्मीद है कि वह मैच देखने आए फैंस को एक रोमांचक और यादगार अनुभव देंगे।

आईसीसी ने अपने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘टी20 विश्व कप की पार्टी अब और बड़ी हो गई है। हमें यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वैश्विक आइकॉन और सुपरस्टार रिकी मार्टिन आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले क्लोजिंग सेरेमनी के मुख्य आकर्षण होंगे। आप इस कार्यक्रम को मिस नहीं करना चाहेंगे।’

आईसीसी ने बताया है कि फाइनल के दिन स्टेडियम के गेट दोपहर 3.30 बजे खुलेंगे। रिकी मार्टिन का कार्यक्रम शाम 5.30 बजे शुरू होगा। इस कार्यक्रम के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

देखा जाए तो भारतीय टीम कुल चौथी बार और लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। टीम इंडिया ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेला गया पहला टी20 विश्व कप चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर जीता था। इसके बाद 2024 में अमेरिका व वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेले गए पिछले संस्करण में भी रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम दक्षिण अफ्रीका को हराकर चैम्पियन बनी थी।

दोहरा इतिहास रचने पर टिकी हैं सूर्या एंड कम्पनी की निगाहें

वस्तुतः भारतीय टीम की निगाहें दोहरा इतिहास रचने पर टिकी हैं। यदि सूर्या एंड कम्पनी न्यूजीलैंड को हराकर उपाधि रक्षा में सफल रहती है तो लगातार दो बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है। साथ ही यह पहला अवसर होगा, जब कोई मेजबान देश उपाधि जीतेगा। वहीं न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। आखिरी बार कीवियों ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दुबई में फाइनल खेला था, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular