वेनेजुएला भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 589 तक पहुंची, लगभग 3000 घायल, हजारों लोग लापता
काराकस, 26 जून। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को तड़के आए भूकंप के दो भयावह झटकों में अब तक 589 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है जबकि 2,980 लोग घायल हैं। वहीं हजारों लोग लापता हैं। भारत व अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों से पहुंच रही मदद के बीच भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि वेनेजुएला में 25 जून को वर्ष 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा विश्व कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आना बाकी है।

वहीं अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की 30% आशंका है। इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है।

कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कि आपातकाल की घोषणा
वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने आपदा प्रभावित इलाके में अंतरराष्ट्रीय बचाव दल और मानवीय सहायता के पहुंचने के साथ ही आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्हें साथ ही दुनियाभर से पहुंचे बचाव दलों का स्वागत किया। रॉड्रिग्ज ने बताया कि ला गुआइरा राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहां बचाव अभियान तेज करने और लोगों तक खाना-पानी पहुंचाने के लिए इलाके में सेना तैनात कर दी गई है।
