1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन का दावा – 60 से 90 दिनों में शिवकुमार बनेंगे कर्नाटक सीएम, सिद्धरमैया हटेंगे
कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन का दावा – 60 से 90 दिनों में शिवकुमार बनेंगे कर्नाटक सीएम, सिद्धरमैया हटेंगे

कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन का दावा – 60 से 90 दिनों में शिवकुमार बनेंगे कर्नाटक सीएम, सिद्धरमैया हटेंगे

0
Social Share

बेंगलुरु, 29 जून। कर्नाटक में कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने रविवार को दावा किया कि उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अगले दो से तीन महीनों के अंदर राज्य का मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है। शिवकुमार के करीबी माने जाने वाले विधायक की यह टिप्पणी इस वर्ष उत्तरार्द्ध में कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच आई है। बीते दिनों सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना ने भी सितम्बर के बाद राज्य में ‘क्रांतिकारी’ राजनीतिक घटनाक्रम का हाल में संकेत दिया था।

सब जानते हैं, इस सरकार के सत्ता में आने से पहले कांग्रेस की ताकत क्या थी

यह पूछे जाने पर कि क्या शिवकुमार के पास मुख्यमंत्री बनने का मौका है, तो हुसैन ने संवाददाताओं से कहा, ‘आप सभी जानते हैं कि इस सरकार के सत्ता में आने से पहले हमारी (कांग्रेस की) ताकत क्या थी। इस जीत को हासिल करने के लिए किसने संघर्ष किया, पसीना बहाया, मेहनत की और किसकी दिलचस्पी थी, यह सभी जानते हैं।

इकबाल हुसैन ने कहा, ‘उनकी (शिवकुमार की) रणनीति और कार्यक्रम अब इतिहास बन चुके हैं। मैं अटकलों पर विश्वास नहीं करता। हमें पूरा विश्वास है कि आलाकमान स्थिति से अवगत है और उन्हें मौका देने के लिए सही समय पर उचित निर्णय लेगा।’ उल्लेखनीय है कि शिवकुमार कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष भी हैं।

वहीं मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे एवं कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) यतींद्र सिद्धरमैया द्वारा मुख्यमंत्री बदले जाने को महज अटकलें बताकर खारिज करने के बारे में पूछे जाने पर हुसैन ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद सरकार गठन का फैसला किया था। उन्होंने कहा, ‘हम सब उस समय दिल्ली में एक साथ थे। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने निर्णय लिया। यह सभी जानते हैं। वे अगला निर्णय भी लेंगे – हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।’

उल्लेखनीय है कि मई, 2023 में कांग्रेस के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली थी। हालांकि कांग्रेस तब शिवकुमार को उप मुख्यमंत्री पद स्वीकार करने के लिए मनाने में सफल रही थी। उस समय खबरों में ‘बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनाए जाने का फॉर्मूला’ सामने आया था, जिसमें ढाई साल बाद शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद संभालने की बात थी, हालांकि इसकी कभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। वहीं शिवकुमार ने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा को कभी छुपाया भी नहीं है।

सुरजेवाला आज कांग्रेस विधायकों से मिलेंगे

इस बीच कर्नाटक के लिए कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर अशांति के संकेतों के बीच सोमवार को पार्टी विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। ये बैठकें इसलिए महत्वपूर्ण हो गई हैं कि कई विधायकों ने हाल में सरकार के कामकाज पर असंतोष जताया है।

पार्टी हलकों में मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बदलाव की भी चर्चा है। उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सुरजेवाला की यात्रा और पार्टी विधायकों के साथ उनकी आमने-सामने की बैठकों की पुष्टि करते हुए रविवार को संवाददाताओं से कहा, ‘हां, वह आ रहे हैं… निश्चित रूप से बैठकें होंगी। उन्होंने (सुरजेवाला) सभी को सीधे सूचित कर दिया है। मैं पार्टी के सभी विधायकों को सूचित कर रहा हूं।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code