1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. BMC चुनाव : कांग्रेस का प्रकाश अंबेडकर की पार्टी के साथ गठबंधन, 62 सीटों पर लड़ेगी VBA
BMC चुनाव : कांग्रेस का प्रकाश अंबेडकर की पार्टी के साथ गठबंधन, 62 सीटों पर लड़ेगी VBA

BMC चुनाव : कांग्रेस का प्रकाश अंबेडकर की पार्टी के साथ गठबंधन, 62 सीटों पर लड़ेगी VBA

0
Social Share

मुंबई, 28 दिसम्बर। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रकाश अंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के साथ गठबंधन कर लिया है। इस गठबंधन के तहत वंचित बहुजन आघाड़ी कुल 227 में से 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी।

गौतलब है कि कांग्रेस पहले बीएमसी चुनाव में अकेले उतरने की घोषणा की थी। लेकिन, BJP के खिलाफ प्रभावशाली गठबंधन बनाने की अपनी रणनीति के तहत उसने वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।

महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने रविवार को मुंबई में इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस से सचिन सावंत और वीबीए से धैर्यवर्धन फुंडकर, सिद्धार्थ मोकाले समेत दोनों पार्टियों के पदाधिकारी मौजूद थे।

ढाई दशक बाद बना गठबंधन

इस गठबंधन के पीछे की भूमिका बताते हुए दोनों पार्टियों ने भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का एलान किया। साथ ही संकेत दिया कि वंचित बहुजन आघाड़ी और अंबेडकर परिवार का कांग्रेस के साथ रिश्ता मजबूत हो रहा है। जब भारिप बहुजन महासंघ (BBM) नाम से संगठन था, तब कांग्रेस के साथ गठबंधन था। 1999 के 25 साल बाद 2025 में यह गठबंधन फिर से बना है।

शेष 28 नगर निगमों में भी गठबंधन पर चर्चा

दोनों दलों के नेताओं ने कहा, ‘कांग्रेस और वंचित दो सहज दोस्त हैं। हमारा कॉमन पॉलिटिकल एजेंडा संविधान का सम्मान करना है। विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दिलों के मतभेद नहीं। दया, बराबरी और भाईचारा हमारी भूमिका है। पार्टी के पदाधिकारियों ने कड़ा संदेश दिया कि संविधान से कोई समझौता नहीं होगा।’ प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी स्पष्ट किया गया कि राज्य में 28 अन्य नगर निगमों में गठबंधन को लेकर भी चर्चा चल रही है।

यह नंबरों का खेल नहीं बल्कि विचारों का मेल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, “चूंकि गठबंधन का एलान कांग्रेस के स्थापना दिवस पर किया गया, इसलिए इसका खास राजनीतिक महत्व माना जा रहा है। यह नंबरों का खेल नहीं बल्कि विचारों का मेल है। धैर्यवर्धन जी ने जो हिम्मत दिखाई है, उसकी वजह से हम भी ‘हर्षवर्धन’ बन गए हैं।”

भाजपा पर साधा निशाना

इस मौके पर वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रदेश उपाध्यक्ष धैर्यवर्धन फुंडकर ने कहा, ‘अगर यह गठबंधन 2014 में ही हो गया होता तो भाजपा देश के गले पर न बैठी होती। वैसे भी, आज यह मेल भाजपा को रोकने के लिए एक साथ आया है। हम आधिकारिक घोषणा करते हैं कि वंचित बहुजन आघाड़ी मुंबई में 62 सीटों पर गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।’

वहीं, सिद्धार्थ मोकाले ने कहा, ‘वंचित बहुजन आघाड़ी मुंबई नगर निगम चुनाव में कुल 227 में से 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियों में सीट बंटवारे पर समझौता हो गया है। हालांकि, इस गठबंधन में कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह अब भी सीक्रेट है। ऐसे संकेत हैं कि कांग्रेस समान विचारधारा वाली अन्य पार्टियों, खासकर एनसीपी (एसपी) से बातचीत कर रही है। कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह बातचीत के बाद साफ होने की उम्मीद है।’

प्रकाश अंबेडकर ने फैसले को दी मंजूरी

वंचित बहुजन आघाड़ी ने हाल ही में एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि वंचित बहुजन आघाड़ी बृहन्मुंबई महानगरपालिका की कुल 227 सीटों में से 62 पर अपने उम्मीदवार उतारेगी जबकि बाकी सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। खास बात यह है कि इन 62 सीटों की लिस्ट पर दोनों पार्टियों के बड़े नेताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। यह साफ किया गया है कि इस फैसले में कोई बदलाव नहीं होगा। वंचित बहुजन आघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने एक ऑनलाइन मीटिंग के जरिये इस फैसले को मंजूरी दी।

गौरतलब है कि बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), पुणे नगर निगम (PMC) और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) समेत 29 नगर निगमों के चुनाव के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होगी और 16 जनवरी को काउंटिंग होगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code