नांदेड़ (महाराष्ट्र), 10 सितम्बर। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गुरुवार की शाम भीषण हादसा हो गया, जब ट्रक और टाटा मैजिक के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में सात लोगों की मौत गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शाम करीब सात बजे सीताखंडी में नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास हुई। टाटा मैजिक वैन नांदेड़ से भोकर की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि टाटा मैजिक वैन के परखच्चे उड़ गए और वह छिटककर सड़क के किनारे जा गिरी। हादसे के वक्त दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एकत्र हो गए। वहीं घायलों को इलाज के लिए भोकर और नांदेड़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक होने के कारण मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अंतिम समाचार मिलने तक घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था और नांदेड़ पुलिस की एक टीम ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए पहुंच गई थी।। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस हादसे में गलती किसकी थी।


