पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : ट्रेलर से टकराई कार, एक ही परिवार के 4 सदस्यों सहित 5 की मौत
आजमगढ़, 16 मई। यूपी में आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइल स्टोन के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक ट्रेलर में पीछे से जा टकराई और ट्रेलर में फंसकर करीब एक किमी तक घिसटती गई। हादसे में कार में सवार बिहार के एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कंधरापुर थाने की पुलिस, एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी शुभम तोदी समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। मृतकों की शिनाख्त करते हुए उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बिहार के सिवान जिले में स्थित सिसवन में रह रहे परिवार के सदस्य आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए।
पुलिस के अनुसार बिहार के सिवान जिले में स्थित सिसवन निवासी मनीष श्रीवास्तव (38) शनिवार को कार से पत्नी कंचन श्रीवास्तव (35), बेटी अदिति (16), आस्था (14) व 15 वर्षीय बेटे के साथ घर से निकले थे। वह आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 239 माइल स्टोन के पास पहुंचे थे कि तभी ड्राइवर को अचानक झपकी आ गई और बगल से गुजर रहे ट्रक में कार जा घुसी, जिससे यह भयावह हादसा हुआ। हादसे में मृत पांचवें व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।
एसपी यातायात पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर लगभग ढाई बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहे एक चलते ट्रक में एक स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से घुस गई है। सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, सीसी टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। दुर्घटना में मृत लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी भेजा गया।
