जापान : कुमामोतो प्रांत में भयावह भूकंप से मृतकों की संख्या बढ़कर 18 पहुंची, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
कुमामोतो (जापान), 29 जुलाई। जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में क्यूशू द्वीप पर स्थित कुमामोतो प्रांत में मंगलवार की रात आए 7.1 तीव्रता के भयावह भूकंप से मृतकों की संख्या बढ़कर 18 तक जा पहुंची है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जापान की आत्मरक्षा सेना, पुलिस और सैकड़ों बचावकर्मी लगातार जुटे हुए हैं।
मृतकों में एक वियतनामी नागरिक भी शामिल
कुमामोतो प्रांत सरकार से मिली जानकारी का हवाला देते हुए अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों ने बताया कि भूकंप में कम से कम 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक वियतनामी नागरिक भी शामिल है, और 62 अन्य लोग घायल हैं। घायलों में छह लोगों की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि खोज और बचाव अभियान अब तक पूरा नहीं हुआ है।

बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान, लगभग 34,900 घरों में बिजली गुल
जानमाल के नुकसान के अलावा, भूकंप ने बुनियादी ढांचे को भी काफी क्षति पहुंचाई है। लगभग 34,900 घरों में अब भी बिजली नहीं है और लगभग 15,000 घरों में अब भी पीने का पानी उपलब्ध नहीं है। 8,800 से अधिक लोगों को 400 से अधिक आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया है, जहां अधिकारी भीषण गर्मी के कारण एयर कंडीशनिंग चलाने के लिए बिजली की आपूर्ति बढ़ा रहे हैं।

एयॉन मॉल शॉपिंग सेंटर सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त
सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त क्षेत्र काशिमा शहर में स्थित एयॉन मॉल शॉपिंग सेंटर था, जहां भूकंप आने के समय हजारों लोग खरीदारी कर रहे थे। शॉपिंग मॉल के संचालक ने बताया कि लगभग 3,000 ग्राहकों को पार्किंग स्थल पर सुरक्षित निकाल लिया गया था। भूकंप के लगभग एक घंटे बाद उस क्षेत्र में एक विस्फोट हुआ, जहां कर्मचारी काम कर रहे थे। विस्फोट का कारण गैस रिसाव माना जा रहा है। विस्फोट से इमारत की दूसरी मंजिल ढह गई और कई लोग उसमें फंस गए।

एयॉन मॉल के 3 कर्मचारी लापता, कम से कम 4 लोगों की मौत
एयॉन के चेयरमैन अकियो योशिदा ने कहा कि स्टोर के तीन कर्मचारी अब भी लापता हैं जबकि विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा कि कम्पनी बचाव प्रयासों में सहयोग करने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
घटनास्थल से मिली तस्वीरों में शॉपिंग मॉल की छत का एक हिस्सा ढहता हुआ दिखाई दे रहा है, धातु और कंक्रीट के टुकड़े चारों ओर बिखरे पड़े हैं जबकि हेलमेट और मास्क पहने बचाव दल मलबे में खोजबीन जारी रखे हुए हैं।

शॉपिंग मॉल के अलावा कई अन्य संरचनाएं नष्ट
सिर्फ शॉपिंग मॉल ही नहीं बल्कि कई अन्य संरचनाएं भी नष्ट हो गईं, जिनमें निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज का कारखाना, नुयामाजु जिले में स्थित 16वीं सदी का एक मंदिर, और आवासीय क्षेत्र के कई घर शामिल हैं। जिनमें से कुछ तो पास की नदी में बह गए।
जापानी पीएम ताकाइची बोलीं – ‘कुछ लोग अब भी बचाव का इंतजार कर रहे’
इस बीच जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने कहा कि अब भी कई लोग बचाए जाने का इंतजार कर रहे हैं और बचाव कार्य समय के साथ एक दौड़ है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी उपलब्ध संसाधनों को जुटाएगी और सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पानी और अन्य आवश्यक आपूर्ति तत्काल पहुंचाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और भूकंप प्रभावित लोगों से भीषण गर्मी में अपना ध्यान रखने की अपील की।
वहीं ताइवान के दमकलकर्मियों के साथ-साथ विभिन्न इलाकों की बचाव टीमों ने भी खोज अभियान में हिस्सा लिया। भूकंप के चलते बुधवार को दिनभर शिंकांसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं निलंबित रहीं। हालांकि कुमामोतो आसो हवाई अड्डा फिर से खुल गया, लेकिन कुछ एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से उड़ानें रद रखीं।
उल्लेखनीय है कि जापान दुनिया के उन देशों में से एक है, जहां अक्सर ही भूकंप आते हैं। इसके पूर्व 2016 में कुमामोतो प्रांत में ही आए भूकंप में कम से कम 50 लोग मारे गए थे।
