नीतीश कुमार के इस्तीफे पर फूट-फूट कर रो पड़े करीबी मंत्री अशोक चौधरी, बोले- ‘देश में नीतीश जैसा कोई नहीं’
पटना, 30 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार ने आखिरकार राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध निर्वाचन के बाद सोमवार को विधान पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया। विधान परिषद सभापति ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया।
नीतीश कुमार अब जल्द ही राज्यसभा की सदस्यता ले लेंगे। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि बिहार की कमान अब दूसरे सीएम के हाथ में जाएगी। फिलहाल इसके बाद नीतीश समर्थकों में उदासी का माहौल है। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि बिहार विधान परिषद सदस्य और नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी उनके इस्तीफे के बाद फूट-फूट कर रो पड़े।
अशोक चौधरी के रोने का वीडियो पत्रकारों ने कैमरे में रिकॉर्ड भी कर लिया। अशोक चौधरी इतने दुखी थे कि नीतीश के इस्तीफे का सवाल पूछे जाने पर उनकी आंखों से झर-झर आंसू बहने लगे। इस दौरान पत्रकारों ने भी सवालों की बौछार रोक दी।
‘नीतीश जी, पूरे प्रदेश के अभिभावक हैं’
तनिक शांत होने पर अशोक चौधरी ने कहा, ‘देश में अब कोई दूसरा नीतीश कुमार नहीं हो सकता। ये तो बाध्यता थी कि राज्यसभा चुनाव में निर्वाचन के बाद उन्हें इस्तीफा देना ही था। 12 साल से हम सदन में हैं। 12 साल से उनका स्नेह हमें मिला। जब हम कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब भी उनका प्यार मिला। नीतीश जी बड़े नेता हैं, सम्मानित व्यक्ति हैं, पूरे प्रदेश के अभिभावक हैं। घोर से घोर विरोधी के प्रति भी सम्मान और स्नेह रखना, उनके व्यक्तिगत कार्य की चिंता करना, ये बड़ी बात है।’
सदन में नीतीश सबको मुश्किल से निकालते थे
चौधरी ने कहा, ‘सदन में डांटना-पुचकारना, समझना, कोई सवाल में फंस जाए तो उसे बाहर निकालना। नीतीश जी कोई नॉर्मल आदमी नहीं हैं। वो बहुत दूरदर्शी इंसान हैं। हम 2015 में एक बार मिलने के लिए गए थे तो हमलोगों ने मैट्रिक परीक्षा में चोरी पर नकेल कसी थी पहली बार। अमेरिका की मैगजीन में चोरी करते बच्चों की फोटो छप गई थी। हमलोगों ने चोरी रोकी थी। नीतीश जी ने हमको शाम में बुला कर कहा था कि अशोक जी 4-5 दिन और है मैट्रिक की परीक्षा, किसी भी तरह से मैट्रिक की चोरी रुकनी चाहिए। विजिलेंट रहिए। तो बिहार की इमेज और बच्चों के भविष्य के लिए वो हमेशा चिंतित रहते थे।’
