Homeहिन्दीखेलआईपीएल-19 : पहली बार दिखा गेंदबाजों का वर्चस्व, CSK 127 रनों पर...

आईपीएल-19 : पहली बार दिखा गेंदबाजों का वर्चस्व, CSK 127 रनों पर बिखरा, राजस्थान रॉयल्स की बड़ी जीत

गुवाहाटी, 30 मार्च। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा संस्करण के शुरुआती दो दिनों तक बल्लेबाजों की धमचौकड़ी के बाद पहली बार सोमवार को गेंदबाजों का वर्चस्व दिखा, जब बारिश के चलते बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम के अपेक्षाकृत नम विकेट पर नांद्रे बर्गर (2-26) की अगुआई में राजस्थान रॉयल्स (RR) के गेंदबाजों ने पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किग्स (CSK) को सिर्फ 127 रनों पर बिखेर दिया।

वैभव सूर्यवंशी का ताबड़तोड़ पचासा

इसके बाद वैभव सूर्यवंशी के ताबड़तोड़ अर्धशतक (52 रन, 17 गेंद, पांच छक्के, चार चौके) की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने 47 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट की बड़ी जीत के सहारे अपने अभियान का शानदार आगाज़ किया। बची हुई गेंदों के लिहाज से यह राजस्थान रॉयल्स की सबसे बड़ी जीत है।

उल्लेखनीय है कि लीग के शुरुआती दोनों मैचों में सभी चारों टीमें 200 के पार स्कोर खड़ा करने में सफल रही थीं और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजयी रही थी। लेकिन आज सिक्के की उछाल गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके टीम ओवरों का कोटा भी पूरा नहीं कर सकी और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बर्गर, जोफ्रा आर्चर (2-19) व सीएसके छोड़ पहली बार राजस्थान के लिए खेलने उतरे रवींद्र जडेजा (2-18) ने अन्य साथी गेंदबाजों के साथ मिलकर विपक्षियों को 19.4 ओवरों में समेट दिया।

वैभव व यशस्वी ने 38 गेंदों पर ठोक दिए 75 रन

जवाबी काररवाई के दौरान तीन दिन पहले ही अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाले वैभव ने न सिर्फ विस्फोटक पचासा जड़ दिया वरन साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल (नाबाद 38 रन, 36 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) महज 38 गेंदों पर 75 रनों की साझेदारी से एकतरफा परिणाम की तस्वीर साफ कर दी। अंत में टीम ने 12.1 ओवरों में दो विकेट पर ही 128 रन बना लिए।

स्कोर कार्ड

सिर्फ 15 गेंदों पर पचासा जड़ने वाले सूर्यवंशी हालांकि पावरप्ले खत्म होते ही अंशुल कम्बोज (2-27) के शिकार बन गए। इसी गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में ध्रुव जुरेल (18 रन, नौ गेंद, चार चौके) को लौटाया (2-99)। खैर, यशस्वी व कप्तान रियान पराग (नाबाद 14 रन, 11 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अटूट 29 रनों की साझेदारी से 13वें ओवर में ही टीम की जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

संजू सैमसन ने नई फ्रेंचाइजी को पहले मैच में निराश किया

इसके पूर्व सीएसके की शुरुआत हाहाकारी रही, जब पिछले सत्र तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे व बीते टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के हीरो साबित हुए संजू सैमसन (छह रन, सात गेंद, एक चौका) ने अपनी नई फ्रेंचाइजी को पहले मैच में निराश किया और दूसरे ही ओवर में बर्गर ने उन्हें बोल्ड कर दिया। इसके बाद तो मानो लाइन ही लग गई और पावरप्ले के पहले ही 38 रनों के भीतर संजू व कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (0) सहित शीर्ष चार बल्लेबाज लौट चुके थे।

ओवर्टन व अंशुल की 10वें विकेट पर रिकॉर्ड साझेदारी से CSK 100 के पार पहुंच सका

एक समय हालत यह हो गई कि 16वें ओवर में 94 रनों के भीतर नौ विकेट गिर चुके थे। गनीमत रही कि सर्वोच्च स्कोरर जैमी ओवर्टन (43 रन, 36 गेंद, दो छक्के, दो चौके) व अंशुल कम्बोज (नाबाद सात रन, एक चौके) ने 10वें विकेट के लिए आईपीएल में सीएसके के लिए रिकॉर्ड 33 रनों की साझेदारी से टीम को 125 के पार पहुंचाया। जैमी के अलावा कार्तिक शर्मा (18 रन, 15 गेंद, एक छक्का) व सरफराज खान (17 रन, 12 गेंद, एक छक्का, दो चौके) दहाई में पहुंच सके अन्य दो बल्लेबाज रहे।

मंगलवार का मैच : पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस (न्यू चंडीगढ़, शाम 7.30 बजे)।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments