1. Home
  2. हिंदी
  3. क्षेत्रीय
  4. केंद्र सरकार की घोषणा : SDRF की 3400 करोड़ की राशि से आंध्र प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की जाएगी
केंद्र सरकार की घोषणा : SDRF की 3400 करोड़ की राशि से आंध्र प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की जाएगी

केंद्र सरकार की घोषणा : SDRF की 3400 करोड़ की राशि से आंध्र प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान की जाएगी

0
Social Share

विजयवाड़ा, 6 सितम्बर। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड (SDRF) का उपयोग प्रभावितों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए किया जाएगा।

केला, हल्दी, धान व सब्जियों की फसलों को 100 फीसदी नुकसान

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने  के बाद शिवराज चौहान ने कहा कि बाढ़ से नुकसान का आकलन किया गया। बाढ़ के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई और केला, हल्दी, धान व सब्जियों की फसलों को 100 प्रतिशत नुकसान हुआ है। इस नुकसान को देखते हुए आंध्र प्रदेश में 3400 करोड़ रुपये से अधिक के एसडीआरएफ का उपयोग प्रभावितों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए किया जाएगा। केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू की अगुआई वाली राज्य सरकार के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

बाढ़ की स्थिति व क्षतिग्रस्त फसल का आकलन

कृषि मंत्री ने इसके पूर्व गुरुवार को विजयवाड़ा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुडामेर कैचमेंट का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने जक्कामपूड़ी मिल्क फैक्ट्री, कंद्रिका, अजीत सिंह नगर, अंबापुरम सहित अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की बाढ़ की स्थिति व क्षतिग्रस्त फसल का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने फसल क्षति का आकलन करने के लिए राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही है।

बाढ़ के चलते राज्य में 19 लोगों की मौत

वहीं आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने एक दिन पहले जारी बयान में कहा कि राज्य में बाढ़ की वजह से 19 लोगों की मौत हुई है। 200 जानवर मृत पाए गए हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों से 600,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। भारी बारिश ने विशेष रूप से कृष्णा और गुंटूर जिलों को प्रभावित किया है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और 129 हेक्टेयर भूमि पर जलभराव हो गया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code