Mumbai Rain: मुंबई में तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित, नालासोपारा-कुर्ला में जलभराव; IMD ने जारी किया Yellow Alert

मुंबई, 13 सितंबर: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शनिवार रात से जारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। नालासोपारा रेलवे स्टेशन, सेंटर पार्क, तुलिंज ब्रिज और कुर्ला समेत कई स्थानों पर पानी भरने से यात्रियों, वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नालासोपारा स्टेशन के बाहर भरा पानी

तेज बारिश के चलते नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में जलभराव हो गया है। इसके बावजूद यात्रियों को पानी के बीच से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में भी यात्रियों की भीड़ नजर आई। वहीं, वसई-विरार शहर में भी रात से लगातार बारिश हो रही है। नालासोपारा के सेंटर पार्क, तुलिंज ब्रिज और आसपास की कई सड़कों पर पानी भरने से सुबह के समय आवाजाही प्रभावित हुई।

दादर में भी बारिश का असर, कुर्ला ट्रैक पर भरा पानी

मुंबई के दादर इलाके में भी तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर, लगातार बारिश के चलते कुर्ला रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर भी पानी भर गया है। इससे रेल यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में Yellow Alert

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। कुछ स्थानों पर एक-दो बार तेज बारिश होने का अनुमान है।

BMC ने भी लोगों को किया अलर्ट

मुंबई में रविवार के मौसम को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की। बीएमसी के मुताबिक, शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश को देखते हुए नागरिकों को जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular