BMC चुनाव 2026 : मतगणना शुरू, शुरुआती रुझानों में भाजपा गठबंधन आगे

मुबंई, 16 जनवरी। महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे से जारी है। कुल 893 वार्डों के लिए हुए इस चुनाव में 15,931 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। राज्यभर में काउंटिंग सेंटर्स पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इन चुनावों में सबसे ज्यादा निगाहें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर टिकी हुई हैं।

शुरुआती रुझानों के मुताबिक मुंबई के 20 वार्डों में भाजपा गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि ठाकरे गुट और एनसीपी (एससीपी) गठबंधन 14 वार्डों में आगे है। कांग्रेस भी 2 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। BMC को कुल 227 वार्डों में विभाजित किया गया है, जहां सत्ता हासिल करने के लिए 114 सीटों का आंकड़ा जरूरी है।

एक दिन पहले जारी तीन एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया था। मुंबई में कुल 23 काउंटिंग सेंटर्स पर वोटों की गिनती हो रही है। अनुमानों के अनुसार भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 130 से 150 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस गठबंधन के खाते में करीब 60 सीटें आने की संभावना जताई जा रही है।

अन्य दलों और निर्दलीयों को 5 से 7 सीटें मिलने का अनुमान है। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार BMC चुनाव में 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2017 के चुनावों में हुए 55.53 प्रतिशत मतदान से कम है। मतगणना के साथ ही पूरे राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

महाराष्ट्र भर में बीजेपी ने पकड़ी रफ्तार

महाराष्ट्र महानगरपालिका के कुल 250 वार्ड के नतीजे और रुझान सामने आए हैं। इन नतीजों या रुझानों में वे सीटें भी शामिल हैं जहां उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत हुई है। अभी तक प्राप्त रुझानों के मुताबिक, बीजेपी सबसे ज्यादा 145 वॉर्ड में बढ़त बनाए हुए है, जबकि शिवसेना 43, शिवसेना यूबीटी 24, कांग्रेस 13, एनसीपी अजित पवार 20, एआईएमआईएम 5, एमएनएस 3 और अन्य 2 सीटों पर आगे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular