1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. दिल्ली जल संकट को लेकर अब भाजपा का मटका फोड़ प्रदर्शन, कहा – पानी के मुद्दे पर केजरीवाल सरकार फेल
दिल्ली जल संकट को लेकर अब भाजपा का मटका फोड़ प्रदर्शन, कहा – पानी के मुद्दे पर केजरीवाल सरकार फेल

दिल्ली जल संकट को लेकर अब भाजपा का मटका फोड़ प्रदर्शन, कहा – पानी के मुद्दे पर केजरीवाल सरकार फेल

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 जून। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल संकट के बीच आम जनता जहां परेशानियां झेल रही है वहीं सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर विपक्ष के भी हमले जारी हैं। इस क्रम में बीते दिनों कई जिलों में कांग्रेस के मटका फोड़ प्रदर्शन के बाद रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी जल बोर्ड के कार्यालाय पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया।

भाजपा नेताओं ने हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार लोगों को पीने का पानी मुहैया नहीं करा रही है और पानी के मुद्दे पर फेल हो गई है। हालांकि केजरीवाल सरकार का कहना है कि हरियाणा से उसे पानी नहीं मिल रहा है।

केजरीवाल, उनके भ्रष्ट मंत्रियों व विधायकों की वजह से जल संकट : सचदेवा

दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय पर भाजपा के मटका फोड़ के दौरान लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। लोगों ने मटका जल बोर्ड के ऑफिस में फेंककर विरोध जताया। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में 10 वर्षों से इनकी सरकार है। ‘आप’ नेता आतिशी बता दें कि यदि उन्होंने किसी पर कोई काररवाई की हो। वह बताएं कि पिछले 10 वर्षों में इन्होंने क्या काम किया। दिल्ली में जो जल संकट है, वह अरविंद केजरीवाल, ‘आप’, उनके भ्रष्ट मंत्रियों और विधायकों की वजह से है।

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा बोले – यह आप‘ के नेताओं का षड्यंत्र

वहीं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि यह ‘आप’ के नेताओं का षड्यंत्र है। उन्होंने पाइप तोड़ी हैं ताकि टैंकर माफिया को फ्री में पानी मिल सके। दिल्ली की जनता ने प्रदर्शन किया है, हम उसमें शामिल थे।’

आतिशी बताएं कि 10 साल में कहां-कहां पाइप बदली गई : मनोज तिवारी

उत्तर पूर्वी दिल्ली से लगातार तीसरी बार निर्वाचित भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “हर वर्ष यह जल संकट होता है। दिल्ली सरकार किसे धोखा दे रही है। ‘आप’ नेता आतिशी श्वेत पत्र लेकर आएं कि 10 साल में कहां-कहां पाइप बदली गई। ये कामचोर लोग हैं, इनकी न तो काम करने की नीति है और न नीयत, ये बस खजाने को लूटना चाहते हैं, जिसके कारण इन्हें सजा भी मिल रही है।”

मनोज तिवारी ने कहा, ‘मैं आतिशी से कहना चाहता हूं कि झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है। जरूरत से ज्यादा पानी दिया जा रहा है, लेकिन क्या उनके पास पानी पहुंचाने का सिस्टम है। दिल्ली के लोग अब इन्हें सजा देंगे। दिल्ली को ये लोग नहीं चाहिए, जो बहाने बनाएं। दिल्ली को वे लोग चाहिए, जो समस्या को दूर करें।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code