1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. बिहार की कुढ़नी सीट पर भाजपा की जीत, केदार गुप्ता ने जेडीयू के मनोज कुशवाहा को 3649 वोटों से हराया  
बिहार की कुढ़नी सीट पर भाजपा की जीत, केदार गुप्ता ने जेडीयू के मनोज कुशवाहा को 3649 वोटों से हराया   

बिहार की कुढ़नी सीट पर भाजपा की जीत, केदार गुप्ता ने जेडीयू के मनोज कुशवाहा को 3649 वोटों से हराया  

0
Social Share

मुजफ्फरपुर, 8 दिसम्बर। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले की कुढ़नी विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने लगातार उठापटक के बीच महागठबंधन की ओर से उतरे जेडीयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को करीब 3,649 वोटों से मात दी है।

भाजपा को मिले 42 फीसदी वोट, चुनाव आयोग ने की घोषणा

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से की गई आधिकारिक घोषणा के अनुसार भाजपा के केदार गुप्ता को 76,722 वोट मिले जबकि जेडीयू के मनोज कुशवाहा  को 73,073 वोट मिले। भाजपा का वोट शेयर 42.38 फीसदी रहा जबकि दूसरे नंबर पर रही जेडीयू को 40.37 फीसदी वोट मिले।

मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के उम्मीदवार नीलाभ कुमार तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 10 हजार वोट मिले जबकि AIMIM के गुलाम मुर्तजा ने 3,206 वोट हासिल किए। NOTA को भी 4,448 लोगों ने वोट दिया।

विस्तृत परिणाम देखने के लिए यहां क्लिक करें 

दरअसल, 13 उम्मीदवारों को पड़े वोटों की मतगणना के पहले चार राउंड तक भाजपा आगे चल रही थी। पांचवें राउंड में जेडीयू आगे निकल गई, लेकिन पर छठे राउंड में बीजेपी ने दोबारा उसे पछाड़ दिया। इसके बाद 9वें राउंड में महागठबंधन फिर आगे हो गया। फिलहाल अंत आते-आते केदार गुप्ता बाजी मार ले गए।

केदार गुप्ता पिछली बार 700 वोटों से हारे थे

वर्ष 2020 विस चुनाव में कुढ़नी सीट पर राजद प्रत्याशी अनिल सहनी की जीत हुई थी। भाजपा के उम्मीदवार केदार गुप्ता लगभग 700 मतों से हार गए थे। अनिल सहनी की सदस्यता खत्म होने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया, जिसमें केदार गुप्ता महागठबंधन प्रत्याशी पर बीस छूटे।

जीत के बाद प्रदेश भाजपा दफ्तर में जश्न का माहौल

कुढ़नी विधानसभा सीट जीतने के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है। पटना स्थित बिहार भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता रंग-गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देते दिखे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code