1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह : LG को हटाने की मांग लेकर भाजपा सांसद बिष्णु पद धरने पर बैठे
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह : LG को हटाने की मांग लेकर भाजपा सांसद बिष्णु पद धरने पर बैठे

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह : LG को हटाने की मांग लेकर भाजपा सांसद बिष्णु पद धरने पर बैठे

0
Social Share

पोर्ट ब्लेयर, 4 अक्टूबर। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के भाजपा सांसद बिष्णु पद रे शुक्रवार को उप राज्यपाल (एलजी) एडमिरल डीके जोशी (रिटायर्ड) को हटाने की मांग को लेकर राज निवास के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान एलजी के कार्यकाल में केंद्र शासित प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।

वर्तमान एलजी के कार्यकाल में केंद्र शासित प्रदेश में विकास कार्य ठप

भाजपा के 76 वर्षीय सांसद बिष्णु पद रे ने कहा कि उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए एलजी से मिलने का समय मांगा था, लेकिन उन्हें कोई समय नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में द्वीपसमूह में विकास कार्य ठप हो गए। जोशी को 2017 में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए एलजी ने मिलने का समय भी नहीं दिया

रे ने कहा, ‘मैं आम लोगों की विभिन्न शिकायतों जैसे खराब सड़कें, खराब सीवरेज सिस्टम, जलभराव, भूमि परिवर्तन और केंद्र सरकार की योजनाओं के खराब क्रियान्वयन पर चर्चा करने के लिए उप राज्यपाल से मिलना चाहता था। मैंने उचित माध्यम से मुलाकात के लिए समय मांगा, लेकिन मुझे मना कर दिया गया। इसलिए, मैं पूर्वाह्न करीब 11 बजे राज निवास के सामने विरोध में धरने पर बैठ गया। मैं वर्तमान उप राज्यपाल को तत्काल हटाने की मांग कर रहा हूं।’ वहीं उप राज्यपाल कार्यालय ने सांसद के आरोपों का जवाब नहीं दिया।

रे ने आरोप लगाया कि उप राज्यपाल द्वीपसमूह में विभिन्न विकास कार्यों में देरी कर रहे हैं और इसके कारण आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा, ‘एलजी स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे हैं। वर्तमान उप राज्यपाल के तहत पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, उद्योग आदि जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण किसानों को डायमोनियम फॉस्फेट उर्वरक नहीं मिल रहा है, जिसका उपयोग वे बुवाई से पहले करते हैं।’

विकास कार्यों के बारे में केंद्र सरकार को भ्रामक रिपोर्ट दे रहे एलजी

सांसद ने आगे कहा, ‘उप राज्यपाल द्वीपसमूह में विकास कार्यों के बारे में केंद्र सरकार को भ्रामक रिपोर्ट दे रहे हैं। भूमि का पंजीकरण भी रोक दिया गया है, जिससे पर्यटन उद्योग प्रभावित हो रहा है। उप राज्यपाल को तुरंत हटाया जाना चाहिए, अन्यथा यह द्वीप डूब जाएगा।’

रे ने केंद्र शासित प्रदेश के सभी निवासियों से अनुरोध किया है कि वे उप राज्यपाल के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं, ताकि उनकी शिकायतें दिल्ली तक पहुंच सकें। राज निवास के सामने सांसद का धरना शाम पांच बजे तक जारी रहा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code