भाजपा का दावा- ‘सोनिया गांधी ने पीएम पद नहीं ठुकराया था, वरन कलाम ने उन्हें शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था’

नई दिल्ली/रायबरेली, 10 नवम्बर। भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया है कि 2004 में सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं, लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने उन्हें रोक दिया। कलाम ने उन्हें इस पद के लिए अयोग्य माना था क्योंकि सोनिया गांधी की जड़ें इटली से जुड़ी थीं।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन पर प्रतिक्रिया देते हुए दिनेश सिंह ने रायबरेली में दावा किया कि बाद में पार्टी ने उनके प्रधानमंत्री न बनने के फैसले को एक ‘त्याग’ के रूप में पेश किया और उन्हें ‘त्याग की देवी’ के तौर पर दिखाया।

दिनेश सिंह ने दावा किया कि सोनिया गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) ने तत्कालीन राष्ट्रपति को पत्र लिखकर सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का अनुरोध किया था। सिंह ने कहा, ‘पूरा देश जानता है कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद क्यों ठुकरा दिया था। सोनिया गांधी और AICC ने तत्कालीन राष्ट्रपति को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई जाए। लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने विदेशी मूल की महिला को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने से साफ इनकार कर दिया था।’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘जब राष्ट्रपति कलाम ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो पूरे देश में यह संदेश गया कि सोनिया गांधी ‘त्याग की देवी’ हैं। उन्होंने अपने संस्मरण में लिखा है कि उन्होंने तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री के रूप में शपथ नहीं लेंगी। लेकिन सच तो यह है कि तत्कालीन राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए अयोग्य मान लिया था।’

सोनिया ने मंगलवार को जारी अपने संस्मरण में अलग ही ब्यौरा दिया है

हालांकि, सोनिया गांधी ने मंगलवार को जारी अपने संस्मरण में इन घटनाओं का एक अलग ही ब्यौरा दिया है। वह लिखती हैं कि इस पद को स्वीकार करने को लेकर वह दुविधा में थीं, जब तक कि उन्होंने अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ सुनने का फैसला नहीं कर लिया। उन्होंने पुस्तक में लिखा है कि 2004 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद, जब उन्होंने प्रधानमंत्री का पद न संभालने का फैसला किया तो उन्हें यह तय करना था कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा।

 

मनमोहन सिंह को इसलिए पीएम पद के लिए चुना कि…

सोनिया गांधी बताती हैं कि उन्होंने मनमोहन सिंह को इसलिए चुना कि वह उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में देखती थीं, जिनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता और जिन्हें शासन-प्रशासन की गहरी समझ है। उनका यह भी मानना ​​था कि मनमोहन सिंह का अनुभव उन लोगों को भरोसा दिलाएगा, जिन्हें यूपीए सरकार की शासन चलाने की क्षमता और कई साल पहले शुरू की गई नीतियों को आगे बढ़ाने की काबिलियत पर संदेह था।

वह लिखती हैं, ‘कई वरिष्ठ सहयोगी थे, जो अनुभवी थे और इस पद के योग्य थे। वे खुशी-खुशी यह जिम्मेदारी संभालने को तैयार हो जाते, लेकिन उन सभी के बीच एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन पर कभी कोई अंगुली नहीं उठाई जा सकती थी और जिन्हें शासन-प्रशासन की गहरी और बेहतरीन समझ थी। वे थे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य डॉ. मनमोहन सिंह।’

गांधी कहती हैं कि मनमोहन सिंह कांग्रेस के भीतर किसी गुट से नहीं जुड़े थे। चूंकि कम्युनिस्ट पार्टियां भी सरकार को समर्थन दे रही थीं, इसलिए उन्हें लगा कि सिंह की नियुक्ति से गठबंधन सरकार की अर्थव्यवस्था संभालने और मौजूदा नीतियों को जारी रखने की क्षमता को लेकर उठने वाले संदेहों को दूर करने में मदद मिलेगी।

वह यह भी बताती हैं कि 18 मई, 2004 को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पार्टी नेता के तौर पर, वह सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए सिंह के साथ राष्ट्रपति भवन गई थीं। गांधी लिखती हैं कि जब वह उस इमारत में दाखिल हुईं, तो उनके मन में भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वह पहले भी कई बार अपनी सास, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और अपने पति राजीव गांधी के साथ वहां जा चुकी थीं। लेकिन इस बार, वह वहां एक अलग मकसद से गई थीं।

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद, दोनों 10, जनपथ स्थित उनके आवास पर लौट आए। गांधी बताती हैं कि लौटते समय या घर पहुंचने के बाद, उन्होंने सिंह के साथ प्रधानमंत्री के पद को लेकर कोई चर्चा नहीं की। सिंह और बाकी सभी लोगों को यही लगा था कि यह पद गांधी ही संभालेंगी।

सोनिया गांधी के संस्मरण में अन्य तमाम घटनाओं का जिक्र

इस संस्मरण में राजीव गांधी के साथ सोनिया की शादी, इंदिरा गांधी से उनकी पहली मुलाकात और भारत के जीवन-ढंग में ढलने के उनके प्रयासों का भी जिक्र है, जिसमें हिन्दी सीखना, साड़ियां पहनना और भारतीय खान-पान व संस्कृति के साथ तालमेल बैठाना शामिल है। इसमें परिवार की बड़ी त्रासदियों का भी वर्णन है, जिनमें विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मौत, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या और 1991 में राजीव गांधी की हत्या शामिल हैं।

यह किताब 2004 के चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी नज़र डालती है। इन चुनावों के बाद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद लेने से इनकार कर दिया था, लेकिन वे उस पार्टी और गठबंधन का नेतृत्व करती रहीं, जिसने एक दशक तक भारत पर शासन किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular