नालंदा, 31 मार्च। बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित इस प्राचीन मंदिर में हुई घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बिहारशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक नुरुल हक ने संवाददाताओं से कहा, “मंगलवार सुबह शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। भगदड़ के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।” उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डिप्टी सीएम सम्राट ने घटना को बताया पीड़ादायक
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना बहुत ही पीड़ादायक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। उन्होंने यह भी कहा है कि पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है। घायलों के समूचित उपचार की व्यवस्था की गई है। डिप्टी सीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि ईश्वर शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
