1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. बांग्लादेश ने IPL के प्रसारण पर लगी रोक हटाई, सूचना व प्रसारण मंत्री जहीर बोले- खेल को राजनीति से अलग रखें
बांग्लादेश ने IPL के प्रसारण पर लगी रोक हटाई, सूचना व प्रसारण मंत्री जहीर बोले- खेल को राजनीति से अलग रखें

बांग्लादेश ने IPL के प्रसारण पर लगी रोक हटाई, सूचना व प्रसारण मंत्री जहीर बोले- खेल को राजनीति से अलग रखें

0
Social Share

ढाका, 28 मार्च। बांग्लादेश सरकार ने आज से शुरू हो रही टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के अपने देश में प्रसारण पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में कहा कि खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए। बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है।

जहीर स्वपन ने कहा – IPL का प्रसारण करने के लिए किसी भी चैनल ने हमसे संपर्क नहीं किया। हम IPL को व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे और यदि कोई चैनल IPL का प्रसारण करने के लिए आवेदन करता है, तो हम उस पर पॉजिटिव रूप से विचार करेंगे।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यकों पर जारी अत्याचार को लेकर तनातनी के बीच इस वर्ष की शुरुआत में बीसीसीआई के निर्देश पर IPL से बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज कर दिया था।

उसके विरोधस्वरूप बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत व श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुई ICC टी20 विश्व कप का बहिष्कार कर दिया था और उसकी टीम टी20 विश्व कप में नहीं उतरी। अंततः आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह एन वक्त पर स्कॉटलैंड को प्रविष्टि दी। उसी दौरान तत्कालीन यूनुस सरकार ने IPL के टेलीकास्ट पर भी रोक लगा दी थी।

खेल मंत्री ने कहा था – बैन हटाने पर बातचीत करेंगे

खैर, बांग्लादेश सरकार के ताजा फैसले से पहले युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने क्रिकबज से बातचीत में कहा था कि पिछली अंतरिम सरकार की ओर से IPL के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाया गया था। अब नई सरकार है। वे इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।

IPL में आज RCB vs SRH उद्घाटन मैच

इस बीच IPL के 19वें सीजन का आगाज आज से होगा। पहला मैच गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे शुरू होगा। बेंगलुरु ने पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। वहीं, हैदराबादी टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी और छठे नंबर पर रही थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code