1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में अल्बनीज ने कहा- ‘पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के सच्चे और मेरे प्रिय मित्र’
‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में अल्बनीज ने कहा- ‘पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के सच्चे और मेरे प्रिय मित्र’

‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में अल्बनीज ने कहा- ‘पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के सच्चे और मेरे प्रिय मित्र’

0
Social Share

मेलबर्न, 9 जुलाई। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी को ऑस्ट्रेलिया का ‘सच्चा और अपना प्रिय मित्र’ करार देते हुए कहा है कि मेलबर्न में भारतीय नेता की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है।

भारतीय समुदाय का यह आयोजन सबसे खास और महत्वपूर्ण

मेलबर्न के प्रसिद्ध मार्वल स्टेडियम में गुरुवार को भारतीय समुदाय के लिए आयोजित भव्य कार्यक्रम ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ में पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए अल्बनीज ने कहा कि इस स्टेडियम ने वर्षों में कई यादगार कार्यक्रम देखे हैं, लेकिन भारतीय समुदाय का यह आयोजन सबसे खास और महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी, मेरे मित्र, शानदार मेलबर्न में आपका स्वागत है। ऑस्ट्रेलिया के सच्चे मित्र और मेरे बेहद प्रिय मित्र के रूप में आपकी मेजबानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है।’

स्टेडियम में मौजूद लोगों की ऊर्जा भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी की भावना दर्शाती है

उन्होंने कहा कि स्टेडियम में मौजूद लोगों की ऊर्जा भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी की भावना को दर्शाती है। यह उत्साह और सकारात्मकता दोनों देशों और उनके लोगों के बीच मजबूत होते संबंधों को आगे बढ़ाने वाली शक्ति है। उल्लेखनीय है कि स्टेडियम में भारतीय समुदाय के 30 हजार से ज्यादा लोग इस कार्यक्रम के लिए एकत्र हुए थे।

 2023 की अपनी गुजरात यात्रा के दौरान मिली आत्मीयता को भी याद किया

अल्बनीज ने भारत की अपनी यात्राओं को याद करते हुए कहा कि उन्हें दो बार भारत जाने का अवसर मिला और हर यात्रा ने उन्हें देश की विविधता, सुंदरता और लोगों की गर्मजोशी से प्रभावित किया। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा 2023 में गुजरात यात्रा के दौरान किए गए स्वागत को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने उनका भारत में स्वागत किया था, तब दोनों नेताओं ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रथ की सवारी की थी। उन्होंने कहा कि गुजरात में 2023 के दौरान दोनों देशों के लोगों के बीच जो आत्मीयता उन्होंने महसूस की थी, वही भावना मेलबर्न में मौजूद भारतीय समुदाय के बीच भी दिखाई दे रही है।

राष्ट्रीय संकट व जरूरत के समय सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है ऑस्ट्रेलिया में रहने वाला भारतीय समुदाय

ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि यह अवसर दोनों देशों के लोगों को जोड़ने वाले रिश्ते, आपसी सम्मान, मजबूत दोस्ती और भारत से जुड़े 10 लाख से अधिक ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के योगदान का उत्सव है। उन्होंने भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय मूल के लोग राष्ट्रीय संकट और जरूरत के समय सबसे पहले मदद के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, छोटे व्यवसायों और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलिया की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

भारत से आए विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा व्यवस्था और समाज को समृद्ध बना रहे

अल्बनीज ने भारतीय छात्रों के योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत से आने वाले विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया की शिक्षा व्यवस्था और समाज को समृद्ध बना रहे हैं। उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ‘जीवंत पुल’ बताते हुए कहा कि उनकी संस्कृति, मेहनत और देश के प्रति समर्पण ने ऑस्ट्रेलिया को और मजबूत, बेहतर तथा अधिक विविध बनाया है।

भारतीय समुदाय की वजह से ऑस्ट्रेलिया अधिक समृद्ध और बहुसांस्कृतिक राष्ट्र बना है

उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय की वजह से ऑस्ट्रेलिया एक अधिक समृद्ध और बहुसांस्कृतिक राष्ट्र बना है। दोनों देशों के बीच यह रिश्ता केवल सरकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code