1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. महिला टी 20 सीरीज : अरुंधति की मारक गेंदबाजी, भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को DLS के जरिए 21 रनों से हराया
महिला टी 20 सीरीज : अरुंधति की मारक गेंदबाजी, भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को DLS के जरिए 21 रनों से हराया

महिला टी 20 सीरीज : अरुंधति की मारक गेंदबाजी, भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को DLS के जरिए 21 रनों से हराया

0
Social Share

सिडनी, 15 फरवरी। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी (4-22) की अगुआई में गेंदबाजों के मारक प्रदर्शन के सहारे भारत ने रविवार को यहां वर्षा से प्रभावित पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ-लुईस (DLS) पद्धति के तहत 21 रनों से हरा दिया।

मेजबान महिलाएं 133 रनों पर ही सिमट गईं

सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी के लिए बाध्य ऑस्ट्रेलियाई टीम ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अरुंधति, मीडियम पेसर रेणुका सिंह (2-14) व वामहस्त स्पिनर श्री चरणी (2-14) के सामने 18 ओवरों में 133 रनों पर ही ढेर हो गई।

बारिश से खेल रोका गया तो भारत DLS के तहत ज्यादा रन बना चुका था

जवाबी काररवाई में भारत ने शेफाली वर्मा (21 रन, 11 गेंद, दो छक्के, एक चौका), उप कप्तान स्मृति मंधाना (नाबाद 16 रन, 17 गेंद, दो चौके) और जेमिमा रॉड्रिग्स (नाबाद नौ रन, तीन गेंद, दो चौके) की पारियों से 5.1 ओवरों में एक विकेट पर 50 रन बनाए थे, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा, जो दोबारा शुरू नहीं हो सका। भारत को अंततः 21 रनों से विजेता घोषित किया गया क्योंकि 5.1 ओवरों के बाद डीएलएस के तहत बराबरी का स्कोर 29 रन था।

मौसम का मिजाज देखते हुए स्मृति व शेफाली ने तेज शुरुआत की और चार ओवरों में 33 रन जोड़ थे, तभी ऑस्ट्रेलिया की नई कप्तान सोफी मोलिन्यु ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर शेफाली को आउट कर दिया। स्मृति व जेमिमा ने अगली छह गेंदों पर 17 रन जोड़े, तभी बारिश ने खेल रोक दिया।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पारी में जॉर्जिया वेयरहैम (30 रन, 19 गेंद, चार चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहीं। उनके अलावा फीबी लिचफील्ड (26 रन, 19 गेंद, पांच चौके) व एलिस पेरी (20 रन, 11 गेंद, चार चौके) 20 रनों का आंकड़ा छू सकीं।

ऑस्ट्रेलिया की अंतिम 5 बल्लेबाज 12 रनों के भीतर लौटीं

इसी क्रम में वेयरहैम व लिचफील्ड ने छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी 41 रनों की साझेदारी से स्कोर 121 तक पहुंचाया। लेकिन 12 रनों की वृद्धि पर अंतिम 5 मेजबान बल्लेबाज आउट हो गईं। क्रांति गौड़ व दीप्ति शर्मा को भी एक-एक सफलता मिली।

19 फरवरी को कैनबरा में खेला जाएगा दूसरा मुकाबला

दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच 19 फरवरी को कैनबरा और तीसरा व अंतिम मैच 21 फरवरी को एडिलेड में खेला जाएगा। इसके बाद 24 फरवरी, 27 फरवरी व एक मार्च को तीन एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दौरे का समापन पर्थ में छह मार्च से प्रस्तावित इकलौते टेस्ट मैच के साथ होगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code