ब्यूनस आयर्स, 31 अगस्त। विश्व फुटबॉल जगत में दो दशक तक जलवा बिखेरने वाले अर्जेंटीनी कप्तान लियोनेल मेसी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी। 39 वर्षीय महान फुटबॉलर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट में कहा, ‘यह फैसला मेरे लिए बेहद पीड़ादायक है और आज भी इसका दर्द गहरा है, लेकिन मैं समझता हूं कि अब इस फैसले का समय आ गया है।’

‘मैंने हमेशा इस जर्सी के लिए पूरी शिद्दत से संघर्ष किया’
लियोनेल मेसी ने कहा, ‘मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। सिर्फ उन पिछले कुछ वर्षों में नहीं, जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी। मैंने हमेशा इस जर्सी के लिए पूरी शिद्दत से संघर्ष किया और मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया, ताकि आपको खुशी दे सकूं और फुटबॉल के जरिए आपको अर्जेंटीना का होने पर गर्व महसूस करा सकूं।’
View this post on Instagram
अर्जेंटीना को विश्व कप 2022 में बनाया था चैम्पियन
रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले छह विश्व कप में खेलने वाले मेसी ने 2022 में कतर में अर्जेंटीना को विश्व चैम्पियन बनाया था। बीते माह अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में संपन्न विश्व कप 2026 में उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां अर्जेंटीना को स्पेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा। बीते विश्व कप में मेसी ने अर्जेंटीना के सभी आठ मुकाबले खेले और आठ गोल किए। वह टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर फ्रांस के किलियन एमबापे से केवल एक गोल पीछे रहे।

अर्जेंटीना के लिए सर्वाधिक 125 अंतरराष्ट्रीय गोलों के साथ करिअर को दिया विराम
उल्लेखनीय तथ्य है कि मेसी ने अपना अंतरराष्ट्रीय करिअर अर्जेंटीना के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में समाप्त किया। उनके नाम 125 अंतरराष्ट्रीय गोल हैं, जिनमें से 21 गोल विश्व कप में आए।
पिता की बीमारी व निधन के चलते संन्यास की घोषणा में विलम्ब
मेसी ने बताया कि उन्होंने संन्यास का पत्र 21 जुलाई को लिखा था, यानी विश्व कप फाइनल के दो दिन बाद। उन्होंने हालांकि इसे सार्वजनिक करने में देरी की क्योंकि उनके पिता की तबीयत खराब थी और बाद में बीमारी के चलते उनका निधन हो गया। जॉर्ज मेसी का आठ अगस्त को उनके गृह नगर रोसारियो में निधन हुआ।
इंटर मियामी के लिए खेलना जारी रखेंगे
फिलहाल मेसी मेजर लीग सॉकर में इंटर मियामी क्लब के लिए खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने सप्ताहांत में सीएफ मॉण्ट्रियल के खिलाफ इंटर मियामी की 7-1 की जीत में चार गोल दागे थे। फिलहाल इंटर मियामी के मौजूदा कप्तान मेसी ने अपने पत्र में यह नहीं बताया कि वह पेशेवर फुटबॉल खेलना कितने समय तक जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं इस सुकून और गर्व के साथ विदा ले रहा हूं कि मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर आपको ऐसे पल दिए, जिनका हमने कभी सिर्फ सपना देखा था। आपके साथ इन पलों को साझा करना अविश्वसनीय रहा। मैं आप सभी से प्यार करता हूं।’
La carta de Leo Messi, escrita de puño y letra, para anunciar su retiro de la Selección argentina.
¡Gracias por tanto, capitán! pic.twitter.com/dWfCX2gQ4c
— ESPN Argentina (@ESPNArgentina) August 31, 2026
2006 में अर्जेंटीना की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया था
उल्लेखनीय है कि मेसी ने 2006 में अर्जेंटीना की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया था। इसके बाद लंबे समय तक उन्हें निराशाओं का सामना करना पड़ा। आखिरकार, 2022 में विश्व कप की ट्रॉफी उठाकर उनका सपना पूरा हुआ। उन्होंने कहा, ‘पिछले 20 वर्षों में मिले आपके तमाम प्यार के लिए धन्यवाद। मैदान के अंदर से आप सभी की आवाज सुनना मुझे बहुत याद आएगा। अब मैं आप (प्रशंसक) ही में से एक रहूंगा और बाहर से आपका हौसला बढ़ाऊंगा तथा आपका समर्थन करूंगा। हर अच्छे-बुरे वक्त में, बल्कि पहले से भी ज्यादा।’
वर्ष 2016 में भी मेसी ने अचानक संन्यास की घोषणा कर दी थी
देखा जाए तो अर्जेंटीना के साथ मेसी की हालिया शानदार सफलता शायद कभी देखने को नहीं मिलती। करीब एक दशक पहले उन्होंने राष्ट्रीय टीम से संन्यास ले लिया था। 2016 कोपा अमेरिका के फाइनल में चिली के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना की हार के बाद मेसी ने यह फैसला किया था। उस मुकाबले में वह खुद भी पेनल्टी चूक गए थे।
Gracias eternas, Leo. Te vamos a amar hasta el final de nuestros días 🩵🤍🩵 pic.twitter.com/7VVV2doDZP
— 🇦🇷 Selección Argentina ⭐⭐⭐ (@Argentina) August 31, 2026
संन्यास से वापसी के बाद 2022 विश्व कप और दो कोपा अमेरिका खिताब जीते
मेसी ने हालांकि बड़े मुकाबले जीतने में असफल रहने की धारणा को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने बार्सिलोना के लिए शानदार प्रदर्शन जारी रखा और इसके बाद पेरिस सेंट-जर्मेन तथा इंटर मियामी के लिए भी खेलते रहे। संन्यास से वापसी के बाद उन्होंने 2022 विश्व कप और 2021 तथा 2024 में कोपा अमेरिका खिताब हासिल किया।
बड़े मौकों पर आज भी निर्णायक गोल करने और गोल के मौके बनाने की क्षमता
वह मेजर लीग सॉकर (अमेरिका) के लगातार दो बार के मौजूदा ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ हैं। लीग की मौजूदा चैम्पियन टीम के स्टार खिलाड़ी मेसी आज भी बड़े मौकों पर निर्णायक गोल करने और गोल के मौके बनाने की क्षमता रखते हैं।


