आरा, 6 सितंबर: बिहार के आरा में रविवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय–दानापुर रेलखंड पर आरा रेलवे स्टेशन के पास अलीपुरद्वार जंक्शन-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस (15483) पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 कोच डिरेल हो गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्टेशन से 200 मीटर दूर डिरेल हुई ट्रेन
जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 4:12 बजे आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची थी। ट्रेन को यहां से दिल्ली के लिए रवाना होना था। इसी दौरान परिचालन के समय तकनीकी समस्या के चलते ट्रेन का सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई। इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची रेलवे की टीम
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। राहत और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे इंजन और दोनों कोच को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया। रेलवे की तकनीकी टीम अब ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिग्नल सासाराम लाइन की तरफ क्यों गया और इसके बाद ट्रेन गलत दिशा में कैसे आगे बढ़ी।
रेल परिचालन पर पड़ा असर
ट्रेन के डिरेल होने की घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की टीम परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है।
हादसे में कोई यात्री हताहत नहीं
हादसे में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सुबह-सुबह ट्रेन के डिरेल होने से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सिग्नल में गड़बड़ी की वजह क्या थी और घटना के लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।


