महंगाई का एक और झटका : अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाईं दूध की कीमतें, गुरुवार से लागू होंगी नई दरें
नई दिल्ली, 13 मई। मध्य पूर्व में जारी तनाव और आर्थिक चुनौतियों के बीच देश की सबसे बड़ी डेयरी कम्पनी अमूल और मदर डेयरी ने आम उपभोक्ताओं को तगड़ा झटका देते हुए देशभर में दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। दूध की ये नई दरें गुरुवार, 14 मई से प्रभावी हो जाएंगी।
कम्पनी ने दिया यह तर्क
अमूल की ओर से यह फैसला ऐसे समय आया है, जब वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट के कारण सप्लाई चेन और इनपुट कॉस्ट पर दबाव बढ़ रहा है। कम्पनी का कहना है कि ऑपरेशनल कॉस्ट और दूध उत्पादन की बढ़ती लागत को संतुलित करने के लिए यह मामूली वृद्धि आवश्यक थी।
प्रमुख उत्पाद और उनकी नई कीमतें
दूध का प्रकार पुरानी कीमत (₹) नई कीमत (₹)
- Amul Gold 500 ML 34 35
- Amul Gold 1 Litre 68 70
- Amul Taaza 500 ML 28 29
- Amul Taaza 1 Litre 55 57
- Cow Milk 500 ML 29 30
- Cow Milk 500 ML 29 30
- Buffalo Milk 500 ML 38 39
- Slim&Trim 500 ML 25 26
- Tea Special 1 Litre 64 66
आम आदमी के बजट पर सीधा असर
देखा जाए तो दूध एक ऐसी बुनियादी जरूरत है, जिसका सीधा संबंध हर घर की रसोई से है। दो रुपये प्रति लीटर की इस वृद्धि का मतलब है कि यदि आपके घर में रोजाना 2 लीटर दूध आता है, तो आपके मासिक बजट पर 120 रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा। अमूल की इस घोषणा के बाद अब आशंका जताई जा रही है कि मदर डेयरी और अन्य क्षेत्रीय ब्रांड भी जल्द ही अपनी कीमतों में इजाफा कर सकते हैं।
आज मध्यरात्रि बाद से प्रभावी हो जाएंगी नई दरें
कम्पनी ने एक बयान में कहा कि दूध की बढ़ी कीमतें आज मध्यरात्रि 12 बजे के बाद प्रभावी हो जाएंगी। यानी 14 मई की सुबह से दूध नई कीमतों पर ही मिलेगा। देशभर के सभी रिटेल आउटलेट्स, स्टोर्स और मिल्क पार्लर पर नई रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
उपभोक्ताओं पर बोझ कम करने के लिए कीमतों में आंशिक वृद्धि – मदर डेयरी
उधर अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ती लागत का हवाला देते हुए दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। मदर डेयरी के अनुसार पिछले एक वर्ष में किसानों से दूध खरीदने की लागत लगभग छह प्रतिशत बढ़ गई है। कम्पनी ने बताया कि उपभोक्ताओं पर बोझ कम करने के लिए कीमतों में यह केवल आंशिक वृद्धि की गई है। इस बदलाव के बाद दिल्ली-एनसीआर में फुल क्रीम दूध 72 रुपये और टोंड दूध 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
मदर डेयरी के अनुसार, पिछला कीमत संशोधन अप्रैल, 2025 के अंत में किया गया था। बीते एक वर्ष में किसानों से खरीद मूल्य में लगभग छह फीसदी की वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं पर असर कम करने के लगातार प्रयासों के बावजूद यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।
