1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. दिल्ली चुनाव : अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र भाग-3, दिल्ली की 1700 अवैध को कॉलोनियों को किया जाएगा वैध
दिल्ली चुनाव : अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र भाग-3, दिल्ली की 1700 अवैध को कॉलोनियों को किया जाएगा वैध

दिल्ली चुनाव : अमित शाह ने जारी किया संकल्प पत्र भाग-3, दिल्ली की 1700 अवैध को कॉलोनियों को किया जाएगा वैध

0
Social Share

नई दिल्ली, 25 जनवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज भाजपा का संकल्प पत्र भाग-3 जारी किया। इससे पहले संकल्प पत्र के दो भाग जारी किए जा चुके हैं। शाह ने संकल्प पत्र के तीसरे भाग में दिल्लीवासियों से वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर राष्ट्रीय राजधानी की 1700 से अधिक अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाएगा। उन कॉलोनियों में रहने वालों को मलिकाना हक दिया जाएगा। उसके मालिकों को खरीद व बिक्री के साथ तोड़ कर नया बनाने का अधिकार मिलेगा।

शाह ने इसी क्रम में बताया, ‘दिल्ली में मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग ने 13 हजार दुकानों को सील किया है। कई वर्षों से दुकाने बंद हैं। सरकार बनने पर हम उन दुकानों को न्यायिक प्रधिकरण के माध्यम से खुलवाएंगे और उन्हें फिर से आवंटित करेंगे।

पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को झुग्गियों का मालिकाना हक

पाकिस्तान से 1947 में आए शरणार्थिों को लेकर शाह ने कहा, ‘उनके रहने की जगह लीज पर है। अब तक उनकी कॉलोनियों की लीज बढ़ाई जाती रही है। उनको भी हम मालिकाना हक देंगे। इसके अलावा मजदूर वर्ग के लिए वेलफेयर बोर्ड बनाएंगे। इस वेलफेयर बोर्ड के माध्यम से सभी मजदूरों का 10 लाख का जीवन बीमा व पांच लाख का दुर्घटना बीमा कराएंगे। इसके अलावा उनके बच्चों के लिए उच्च शिक्षा के लिए फ्री यात्रा व शिक्षावृत्ति देंगे।’

महाभारत कोरिडोर बनाएंगे

यमुना को लेकर अमित शाह ने कहा कि साबरमती रिवर फ्रंट के तर्ज पर यमुना रिवर फ्रंट बनाएंगे। टूरिज्म सेक्टर के लिए शाह ने वादा किया कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर महाभारत कोरिडोर बनाया जाएगा।

‘केजरीवाल जैसा झूठा इंसान अपने पूरे जीवन में नहीं देखा

शाह ने अपने संबोधन में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तगड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, ‘मैंने केजरीवाल जैसा झूठा इंसान अपने पूरे जीवन में नहीं देखा है। अभी कुम्भ लगा है, केजरीवाल डुबकी लगा लो तो झूठ बोलने के पाप कट जाएंगे। यमुना में तो डुबकी लगा नहीं सकते हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में कई घोटाले किए। उन्होंने स्कूलों और मंदिरों, गुरुद्वारों को नहीं बख्शा। सबके ठेके दे दिए, हजारों करोड़ का घोटाला किया। यमुना को शुद्ध करने का वादा किया था, लेकिन सात साल में भी पूरा नहीं हुआ।

नड्डा का दिल्लीवासियों के लिए संकल्प पत्र

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गत 17 जनवरी को भाजपा का संकल्प पत्र भाग -एक जारी किया था जबकि 21 जनवरी को अनुराग ठाकुर ने संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया था। दिलचस्प यह है कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की ही तरह भाजपा ने भी महिलाओं को हर माह महिला समृद्धि योजना के तहत 2500 रुपये देने का वादा किया है। इसके अलावा 500 रुपये घरेलू गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने का एलान किया है। इतना ही नहीं होली-दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा।

भाजपा संकल्प पत्र भाग – एक

भाजपा संकल्प पत्र भाग – दो

जेपी नड्डा ने घोषणा की थी कि दिल्ली में भाजपा सरकार आने पर गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे और न्यूट्रीशन भी दिया जाएगा। वहीं सीनियर सिटिजन को 60-70 वर्ष की उम्र वालों के लिए पेंशन 2000 से 2500 की जाएगी। 70 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों, विधवाओं, दिव्यांगों को तीन हजार रुपए मिलेगा, 500 रुपये बढ़ाए गए हैं। वहीं, लोगों को पांच लाख रुपए दिल्ली सरकार की तरफ से एडिशनल कवर दिया जाएगा, कुल 10 लाख रुपये का कवर मिलेगा। 51 लाख लोगों को इसका फायदा मिलेगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code