1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की संभावनाओं के बीच पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मु से की भेंट
केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की संभावनाओं के बीच पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मु से की भेंट

केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की संभावनाओं के बीच पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मु से की भेंट

0
Social Share

नई दिल्ली, 23 जून। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावनाओं बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। हालांकि बातचीत के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय ने X पर एक पोस्ट में बैठक की तस्वीरें साझा कीं। पोस्ट में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।’

दरअसल, आज ही शाम राष्ट्रपति भवन में नागरिक अलंकरण समारोह का दूसरा चरण आयोजित किया गया था, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु ने 65 ख्यातिनाम हस्तितों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। उस समारोह के ठीक बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति से भेंट की। इस बैठक का महत्व इसलिए भी है कि राष्ट्रीय राजधानी के राजनीतिक हलकों में कैबिनेट में फेरबदल की बढ़ती संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा

मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच ही आज दिन में भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद अल्पसंख्यक मामलों, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में भादपा ने दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया था।

बाद में राष्ट्रपति भवन ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति मुर्मु ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर, संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत, केंद्रीय मंत्रिपरिषद से श्री जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।’

वहीं रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह को, जिनका राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को खत्म हुआ था, भी भाजपा ने उच्च सदन के लिए दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। रवनीत सिंह, जो अगस्त 2024 से राजस्थान से राज्यसभा सदस्य थे, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार भी संभाल रहे हैं।

भाजपा संगठन से जुड़ी नियुक्तियों से फेरबदल की चर्चा तेज

भाजपा में हाल ही में संगठन से जुड़ी नियुक्तियों ने फेरबदल की चर्चा को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 28 मई को सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​को दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया। मल्होत्रा ​​अपनी मंत्री पद की जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे, जिसमें कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में उनकी भूमिका भी शामिल है।

इसी तरह, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को पिछले वर्ष दिसम्बर में भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था जबकि वह अपने मंत्री पद पर भी बने रहे। जिन मंत्रियों का संसदीय कार्यकाल खत्म हो गया है, उनके इस्तीफे और मौजूदा मंत्रियों को संगठन की अहम ज़िम्मेदारियां सौंपे जाने से इस बात की अटकलें तेज हो गई हैं कि केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव पर विचार किया जा सकता है। हालांकि सरकार ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code