Homeधर्म-संस्कृतिअमरनाथ यात्रा : खराब मौसम की चेतावनी के कारण रविवार से कुछ...

अमरनाथ यात्रा : खराब मौसम की चेतावनी के कारण रविवार से कुछ दिनों के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित

जम्‍मू, 18 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जम्मू-कश्मीर में 19 जुलाई से 25 जुलाई तक जबर्दस्‍त खराब मौसम की चेतावनी के मद्देनजर रविवार, 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों रास्तों से अमरनाथ यात्रा को कुछ दिनों के लिए रोक दिया जाएगा।

अब तक लगभग 4 लाख तीर्थयात्री कर चुके हैं पवित्र गुफा के दर्शन

उल्लेखनीय है कि गत तीन जुलाई को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक लगभग चार लाख तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अगस्त को यात्रा का समापन होगा।

पहलगाम और बालटाल, दोनों रास्तों से रोक दी जाएगी यात्रा

कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में खराब मौसम की चेतावनी और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व भलाई को देखते हुए, 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों रास्तों से अमरनाथ यात्रा रोक दी जाएगी।

बालटाल व नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से तीर्थयात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं

जम्मू-कश्मीर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार 19 जुलाई से बालटाल और नुनवान/चंदनवाड़ी बेस कैंप से तीर्थयात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने कहा कि रास्ते की सुरक्षा और मौसम की स्थिति का जायजा लेने के बाद यात्रा फिर से शुरू करने के बारे में जानकारी दी जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments