Homeहिन्दीराजनीतिउत्तर प्रदेश :  भाजपा और निषाद पार्टी के बीच गठबंधन, साथ मिलकर...

उत्तर प्रदेश :  भाजपा और निषाद पार्टी के बीच गठबंधन, साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

लखनऊ, 24 सितम्बर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी के बीच गठबंधन हो गया है और दोनों पार्टियां साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने शुक्रवार को यहां आहूत एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस यह घोषणा की। फिलहाल अब तक इस गठबंधन में अपना दल भी शामिल है।

दिलचस्प यह है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा था कि वह भाजपा में विलय नहीं करेंगे और निषाद पार्टी अलग से अपने पार्टी चिह्न से चुनाव लड़ेगी।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘मैं पिछले तीन दिनों से यूपी में हूं, निषाद पार्टी के साथ हमारा गठबंधन और मजबूत होगा। 2022 का विधानसभा चुनाव हम आपस में मिलकर मजबूती से लड़ेंगे। यह गठबंधन बीजेपी, निषाद पार्टी और अपना दल का है। भाजपा ने  चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है।’

पीएम मोदी और सीएम योगी के नाम पर भाजपा लड़ेगी चुनाव : धर्मेंद्र प्रधान

प्रधान ने कहा कि भाजपा गठबंधन यूपी चुनाव को पीएम मोदी और सीएम योगी के नाम पर लड़ेगी। जनता को पीएम मोदी और सीएम योगी के काम पर पूरा भरोसा है। यह चुनाव दोनों सरकारों के काम पर लड़ा जाएगा। गठबंधन में शामिल पार्टियों को चुनाव में कितनी सीटें दी जाएंगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा, ‘सीएम योगी हमारे नेता हैं, सहयोगी दलों की सीटें सम्मानजनक होगी।’

कृषि कानूनों को लेकर किसानों की नाराजगी के सवाल पर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह नाराजगी चर्चा का विषय हो सकती है, लेकिन सरकार ने कृषि क्षेत्र में काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने की दिशा में काम कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments