1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. अयोध्या विवादित ढांचा मामले में लालकृष्ण आडवाणी समेत 32 आरोपित बरी, इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला
अयोध्या विवादित ढांचा मामले में लालकृष्ण आडवाणी समेत 32 आरोपित बरी, इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला

अयोध्या विवादित ढांचा मामले में लालकृष्ण आडवाणी समेत 32 आरोपित बरी, इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला

0
Social Share

लखनऊ, 9 नवम्बर। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने अयोध्या विवादित ढांचा मामले में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, कल्याण सिंह समेत 32 आरोपितों को बरी कर दिया है। इसके पूर्व सीबीआई की विशेष अदालत ने 30 सितम्बर, 2020 को सभी आरोपितों को बरी किया था। इसमें कहा गया था कि मस्जिद को गिराने की योजना नहीं बनी थी, न ही कोई साजिश थी।

सीबीआई ने 30 सितम्बर, 2020 को सभी आरोपितों को बरी कर दिया था

हालांकि सीबीआई के फैसले के खिलाफ इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई। इस याचिका पर जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्जिस सरोज यादव की पीठ ने 31 अक्टूबर को फैसला सुरक्षित कर दिया था। अब हाई कोर्ट ने उस याचिका को खारिज कर दिया है। इससे सभी आरोपित बरी हो गए हैं।

सीबीआई के फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में दाखिल की गई थी याचिका

अयोध्या विवादित ढांचा मामले में लालकृष्ण आडवाणी समेत अन्य आरोपियों को बरी करने के खिलाफ याचिका इलाहाबाद हाई कोर्ट में दायर की गई थी। यह याचिका अयोध्या के रहने वाले हाजी महमूद अहमद और सैयद अखलाक अहमद की तरफ से दायर की गई थी। इसमें दावा किया गया कि वे दोनों छह दिसम्बर, 1992 विवादित ढांचा मामले के गवाह हैं, उस घटना में उनका घर भी जल गया था, ऐसे में वह इसके शिकार भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि जांच एजेंसी ने आरोपितों को बचाने की भूमिका निभाई जबकि पीड़ित पक्ष को राज्य सरकार, पुलिस और सीबीआई से मदद नहीं मिली।

1990 का वीडियो हो रहा वायरल

1990 के इस वीडियो में आडवाणी रात के वक्त एक सभा को संबोधित कर रहे हैं। लोगों को संबोधित करते हुए आडवाणी कह रहे हैं, ‘लोग कहते हैं कि आप अदालत का फैसला क्यों नहीं मानते? अदालत क्या इस बात का फैसला करेगी कि यहां पर राम का जन्म हुआ था कि नहीं हुआ था। आप से इतनी आशा है, बीच में मत पड़ो। रास्ते में मत आओ क्योंकि ये जो रथ है, लोक रथ है, जनता का रथ है। जो सोमनाथ से चला है, और जिसने मन में संकल्प किया हुआ है कि 30 अक्टूबर को वहां पर पहुंचकर कार सेवा करेंगे और मंदिर वहीं बनाएंगे उसको कौन रोकेगा? कौन सी सरकार रोकने वाली है?’

बाबरी मस्जिद से जुड़ा पूरा मामला

दरअसल हिन्दू और मुस्लिम समुदायों में अयोध्या की बाबरी मस्जिद को लेकर विवाद था। हिन्दूवादी नेताओं का दावा था कि मस्जिद श्रीराम जन्मभूमि पर बने मंदिर को तोड़कर बनी है। मस्जिद को 1528 में बाबर के कमांडर मीर बाकी ने बनवाया था। इस पर हिन्दू और मुस्लिम दोनों ही अपना दावा ठोकते थे। 1885 से ही यह मामला अदालत में था।

वर्ष 1990 के दशक में भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन जोर पकड़ने लगा। छह दिसम्बर, 1992 को उन्मादी भीड़ ने मस्जिद को तोड़ दिया। इस मामले में आडवाणी, जोशी समेत कई बीजेपी नेताओं पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मुकदमा दर्ज था। बाद में इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code