अखिलेश यादव का हमला- यूपी सीएम योगी नकली संत, पीडीए इस बार भाजपा का शुद्धिकरण कर देगा
जयपुर, 11 अप्रैल। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मौजूदा सीएम व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें नकली संत करार दिया है। अखिलेश ने साथ ही यह भी कहा कि पीडीए इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा का शुद्धिकरण कर देगा।
जो दूसरों से सर्टिफिकेट मांग रहे, उनके पास अपना ही सर्टिफिकेट नहीं
अखिलेश यादव ने शनिवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम योगी पर प्रहार करते हुए कहा कि यूपी में एक नकली संत हैं, जो दूसरों से सर्टिफिकेट मांग रहे थे। उनके पास अपना ही सर्टिफिकेट नहीं है।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी की प्रेस वार्ता, जयपुर। https://t.co/eCNBFSo8O8
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) April 11, 2026
सपा प्रमुख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि योगी आदित्यनाथ दावा करते हैं कि वह तड़के 3.30 बजे उठते हैं, लेकिन जब उन्हें योगा करने का मौका मिला तो वो डगमगाने लगे। अभी कुछ दिन पहले ही सीएम योगी जापान गए थे। जैसे ही वहां की बुलेट ट्रेन 500 किलोमीटर की रफ्तार से ऊपर हुई तो वो ताली बजाने लगे। कभी उन्हें क्रिकेट खेलते हुए देखना, तीन टप्पे खाने के बाद भी बल्ला हवा में घुमाते रहते हैं। कभी उन्हें बास्केटबॉल खेलते हुए देखोगे तो पाओगे कि वो बुलडोजर पर चढ़कर आएंगे और अपनी बॉल को बास्केट में डाल देंगे।
शंकराचार्य नकली संतों का सामना कर रहे
अखिलेश ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को मिली जान से मारने की धमकी के सवाल पर कहा, ‘शंकराचार्य के विचार बहुत महत्वपूर्ण हैं। वो यूपी में कई नकली संतों का मुकाबला कर रहे हैं। उनकी बहादुरी को उनके साहस को हम बधाई देते हैं। पीडीए के लोग हमेशा शंकराचार्य का सम्मान करते थे और करते रहेंगे।
समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश
19, विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ
प्रकाशन/प्रसारण हेतु-
दिनांकः 10.04.2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा भेदभाव करती है। इस बार पीडीए समुदाय भाजपा को हराने जा रहा है। समाजवादी पार्टी… pic.twitter.com/RrtNdZCyiD— Samajwadi Party (@samajwadiparty) April 11, 2026
सपा प्रमुख ने यूपी में SIR को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुद्धिकरण कभी महसूस नहीं कर सकती है। भाजपा के लोग जनता को इशारा कर रहे हैं कि हम आपको तभी वोट डालने देंगे, जब आपका शुद्धिकरण कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट कटवाने का जो तरीका अपनाया है, जनता अब उनका ही शुद्धिकरण कर देगी।
SIR के दौरान बड़े पैमाने पर सपा के लोगों के वोट कटवा दिए गए
अखिलेश ने आरोप लगाया कि जिस समय SIR चल रहा था, उस दौरान बड़े पैमाने पर फॉर्म भरवाकर समाजवादी पार्टी के लोगों के वोट कटवा दिए गए। उस समय तमाम पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए के लोगों ने इस पर पैनी नजर रखी थी। भाजपा ने एक अनपढ़ व्यक्ति नंदलाल निषाद के हस्ताक्षर से समाजवादी पार्टी के वोट कटवा दिए। जब इस गड़बड़झाले को पकड़ा और इसे चुनाव आयोग के सामने रखा तो चुनाव आयोग ने अब तक किसी भी अधिकारी पर कोई काररवाई नहीं की है।
चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं और भाजपा के इशारे पर काम कर रहा
उन्होंने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र में भी नगर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर करवाकर समाजवादी पार्टी के वोट काट दिए गए। अब वहां के जिलाधीश ढूंढ रहे हैं कि समाजवादी पार्टी के लोगों के पास यह जानकारी कैसे पहुंच रही है? चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है, इसीलिए जो लोग शुद्धिकरण की बात कर रहे हैं, इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में पीडीए समुदाय भाजपा का ही शुद्धिकरण कर देगा।
बड़े पैमाने पर हेरा फेरी की तैयारी थी
अखिलेश ने कहा, ‘भाजपा चुनाव चुनाव आयोग के माध्यम से विपक्ष के लोगों को परेशान कर रही थी, लेकिन यूपी आते-आते खुद परेशान हो गई। हमने SIR का समय बढ़ाने की मांग केवल एक बार की थी। इसके बाद जितनी बार समय बढ़ाया गया है, वो सब भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर बढ़ाया गया है। अब तो तमाम वोट सामने आ चुके हैं, बड़े पैमाने पर हेरा फेरी की तैयारी थी। हमारे कार्यकर्ता अब हर एक बूथ पर इसकी जांच कर रहे हैं।’
बंगाल चुनाव के बाद पूरी बीजेपी यूपी जाएगी
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि बंगाल चुनाव निबटने के बाद पूरी भारतीय जनता पार्टी यूपी पहुंच जाएगी। वैसे भी राजस्थान के लोगों को यूपी से बड़ा प्रेम है, इसीलिए राजस्थान के रहने वाले बहुत सारे लोग भी यूपी में पहुंच जाएंगे, जो चुनाव लड़वाते हैं। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित, दुखी और अपमानित होता है, वो पीडीए होता है। इसमें सभी बड़े वर्ग शामिल हैं। एससी-एसटी, ओबीसी माइनॉरिटी सब पीड़ित हैं।
‘हमारा मौजूदा गठबंधन भविष्य में भी कायम रहेगा’
सपा अध्यक्ष ने यूपी में गठबंधन को लेकर कहा, ‘मैं कई गठबंधन कर चुका हूं और गठबंधनों का हमें बहुत अनुभव है, इसीलिए भविष्य में वही गठबंधन रहेगा, जो अभी मौजूदा दौर में चल रहा है।’ उन्होंने दावा किया, ‘उत्तर प्रदेश में इस बार समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। हमारा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी से है और इस बार विजन इंडिया के माध्यम से पीड़ित समुदाय भाजपा को हराने जा रहा है। जहां पर समाजवादी पार्टी है, वहां पर खुशहाली, भाईचारा, विकास और बराबरी है।’
