अखिलेश यादव ने खारिज कीं मतभेद की बातें, कहा-  I.N.D.I.A. गठबंधन प्रत्याशी को पूरी एकजुटता से जिताएंगे

लखनऊ, 14 जनवरी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की वर्जुअल मीटिंग में शामिल नहीं हुए थे। उनके साथ ममता बनर्जी भी शामिल नहीं हुई थीं। इसके बाद गठबंधन में मनमुटाव की बातें मीडिया में चलनी शुरू हो गई थीं। अखिलेश ने इसे साफ किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चाहे जिस दल का हो इंडिया गठबंधन का हिस्सा बन जाने के बाद उसे पूरी एकजुटता के साथ जिताएंगे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव चुनौतीपूर्ण साबित होने वाले हैं। इन चुनावों के साथ ऐसे मुद्दे जुड़े हैं, जिनका लंबे समय तक असर होना है। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा-एनडीए को शिकस्त देने के लिए पीडीए व इंडिया गठबंधन को मजबूती देने के लिए संकल्पित है। पीडीए-इंडिया गठबंधन का जो भी प्रत्याशी घोषित हो, उसे पूरी एकजुटता से जिताएंगे।

अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर है। महिलाओं और बच्चियों की जिंदगी रोज-ब-रोज असुरक्षित होती जा रही है। भाजपा इन गंभीर सवालों से किनारा कर जनता को भटकाना चाहती है। भाजपा की नफरती राजनीति का मुकाबला समाजवादी विचारधारा से ही हो सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular