आईपीएल में 5वीं खिताबी जीत के बाद धोनी ने संन्यास की अटकलों को किया खारिज, बोले – ‘अगला सत्र भी खेलूंगा’

अहमदाबाद, 30 मई। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सोमवार को मध्यरात्रि बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को पांचवां खिताब दिलाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि दर्शकों के प्यार को देखते हुए उन्हें तोहफा देने के लिए वह अगले सत्र में फिर खेलेंगे।

गौरतलब है कि इस सत्र की शुरूआत से ही अटकलें लगाई जा रही थी कि यह धोनी का आखिरी सत्र होगा। हर मैदान पर दर्शकों ने उन पर जिस तरह से प्यार लुटाया, उससे इसकी संभावना और प्रबल होती नजर आ रही थी।

‘मेरे लिए संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय, लेकिन…’

फिलहाल गुजरात टाइटंस पर फाइनल में पांच विकेट से जीत के बाद 41 वर्षीय धोनी से जब पूछा गया कि क्या यह उनका आखिरी सत्र है, उन्होंने कहा, ‘अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिए संन्यास लेने का यह सर्वश्रेष्ठ समय है। मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं, लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है।’

उन्होंने कहा, ‘शरीर को साथ देना होगा। चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिए मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं । उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिये कुछ करना चाहिए।’

एमएसडी ने कहा – ‘यह मेरे करिअर का आखिरी दौर है। यहीं से शुरूआत हुई थी और पूरा स्टेडियम मेरा नाम ले रहा था। ऐसा चेन्नई में भी हुआ था, लेकिन मैं वापसी करके जितना खेल सकता हूं, खेलूंगा।’

RELATED ARTICLES

Most Popular