बेंगलुरु, 29 मार्च। विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में वापसी करते हुए 38 गेंदों पर 69 रन बनाए और गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) के ख़िलाफ़ पहले ही मैच में जीत दिलाई। जीत के बाद उन्होंने कहा कि इस फ़ॉर्मेट से दूर बिताए गए समय से उन्हें तरोताज़ा व उत्साहित रहने और 120 प्रतिशत के साथ लौटने में मदद मिली। कोहली का आखिरी टी20 मैच आईपीएल 2025 फ़ाइनल था, जिसे आरसीबी ने जीतकर अपना पहला आईपीएल ख़िताब हासिल किया था। उन्होंने अपने टाइटल डिफ़ेंस की शुरुआत 202 रन के लक्ष्य को 15.4 ओवर में हासिल करके की। इस चेज़ में कोहली नाबाद रहे।
उन्होंने कहा, “देखिए, पिछले 15 साल में जिस तरह का शेड्यूल रहा है और मैंने जितना क्रिकेट खेला है, मेरे लिए हमेशा थकान का जोखिम ज़्यादा था। इसलिए ये ब्रेक मेरे लिए बहुत मददगार रहे। मैं तरोताज़ा और उत्साहित रहता हूं। जब भी मैं खेलने लौटता हूं, 120 प्रतिशत के साथ लौटता हूं। मैं बिना तैयारी के वापस नहीं आता। “असल में, अतिरिक्त आराम मुझे मानसिक रूप से भी तरोताज़ा कर देती है। जब आप शारीरिक रूप से फ़िट और मानसिक रूप से उत्साहित हों, तो आप टीम के लिए योगदान दे पाते हैं। एक खिलाड़ी के रूप में आप यही चाहते हैं। आप सिर्फ़ अपनी जगह बनाए रखने के लिए नहीं खेलते। आप लगातार अच्छा प्रदर्शन और टीम के लिए मेहनत करते रहना चाहते हैं।”
कोहली ने आईपीएल में आने से पहले जनवरी में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीन वनडे में 93, 23 और 124 रन बनाए थे। वह उस सीरीज में भारत के सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे। उससे पहले दिसंबर में साउथ अफ़्रीका के ख़िलाफ वनडे सीरीज़ में भी उन्होंने 302 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक शामिल थे। एसआरएच के ख़िलाफ़ कोहली ने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने 16वें ओवर में हर्षल पटेल के ख़िलाफ़ 6, 4, 4, 4 मारकर मैच समाप्त किया।
उन्होंने कहा कि पिछले साल जून के बाद टी20 नहीं खेलने के बावजूद, हालिया वनडे प्रदर्शन ने उन्हें “उसी तरह की मोमेंटम में बने रहने” में मदद की। उन्होंने एसआरएच के ख़िलाफ अपनी पारी के बारे में कहा, “मैंने ऐसे शॉट्स खेलने के प्रयास नहीं किए, जो मैं आमतौर पर नहीं खेलता। मुझे पता था कि मेरा रिदम सही है और मैंने फ़िटनेस के लिए काफ़ी मेहनत की है, इसलिए चीज़ें अपने आप सही होंगी। आज की रात मजबूत शुरुआत करने और आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मौक़ा था।” आरसीबी का अगला मैच 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ खेला जाएगा।
