आईपीएल-19 : गेंदबाजों की कसावट के बाद सुदर्शन का आक्रामक पचासा, GT ने CSK को 8 विकेट से पस्त किया

चेन्नई, 26 अप्रैल। एक दिन पहले जहां दोनों मैचों में रनों की तूफानी बारिश देखने को मिली थी वहीं रविवार को डबल हेडर के पहले मैच में कगिसो रबाडा (3-25) व उनके साथी गेंदबाजों की कसावट के सामने पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाज ज्यादा दूर नहीं जा सके। उसके बाद बी. साई सुदर्शन (87 रन, 46 गेंद, सात छक्के, चार चौके) की लगातार दूसरी आक्रामक पारी से गुजरात टाइटंस (GT) ने 20 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट की शानदार जीत हासिल की और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) की अंक तालिका में खुद को पांचवें स्थान पर ला खड़ा किया।

ऋतुराज के एकल अर्धशतकीय प्रयास से 158 तक पहुंच सका सीएसके

चेपॉक स्थित एम. ए. चिदांबरम स्टेडियम में भीषण के बीच पहले बल्लेबाजी पर बाध्य सीएसके के लिए सिर्फ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 74 रन, 60 गेंद, चार छक्के, छह चौके) ही विपक्षी गेंदबाजों का दृढ़ता से सामना कर सके जबकि पिछले मैच में मुंबई के खिलाफ नाबाद शतक जमाने वाले संजू सैमसन सहित अन्य बल्लेबाज नहीं चल सके। नतीजा यह हुआ कि मेजबान टीम सात विकेट पर 158 रनों तक पहुंच सकी।

साई ने गिल व बटलर संग मिलकर सुनिश्चित की गुजरात की जीत

सामान्य लक्ष्य का पीछा करने उतरे गुजरात टाइटंस ने पिछले मैच में शतक जड़ने वाले साई सुदर्शन की कप्तान शुभमन गिल (33 रन, 23 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) व जोस बटलर (नाबाद 39 रन, 30 गेंद, एक छक्का, चार चौके) संग दो अर्धशतकीय भागीदारियों से 16.4 ओवरों में दो विकेट पर 162 रन बना लिए।

चौथी जीत से पांचवें स्थान पर पहुंचा GT

पिछले लगातार दो मैचों में हार का सामना करने वाले गुजरात टाइटंस ने आठ मैचों में चौथी जीत के साथ आठ अंक लेकर तालिका में चेन्नई सुपर किंग्स से पांचवां स्थान छीन लिया। वहीं सीएसके की यह आठ मैचों में पांचवीं पराजय थी और वह छठे स्थान पर है।

साई व गिल ने पहले विकेट पर जोड़े 58 रन

गुजरात की पारी देखें तो पिछले मैच में आरसीबी के खिलाफ शतक जड़ने वाले सुदर्शन ने गिल संग 38 गेंदों पर 58 रन जोड़कर ठोस शुरुआत की। हालांकि सातवें ओवर में नूर अहमद ने गिल को सैमसन से स्टम्प करा दिया, लेकिन नए बल्लेबाज बटलट अड़ गए।

सुदर्शन व बटलर के बीच 60 गेंदों पर 97 रनों की साझेदारी

सुदर्शन ने न सिर्फ सत्र का अपना दूसरा पचासा जड़ा वरन बटलर संग सिर्फ 60 गेंदों पर 97 रनों की साझेदारी से टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि 17वें ओवर में अकील हुसैन (1-46) की दूसरी गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस ने डीप मिड विकेट पर सुदर्शन का शानदार कैच पकड़ लिया। लेकिन चौथी गेंद पर बटलर ने विजयी छक्का जड़ दिया।

रबाडा व सिराज ने सीएसके की शुरुआत बिगाड़ी

इसके पूर्व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रबाडा व मो. सिराज (1-23) ने चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बिगाड़ दी, जब नौवें ओवर में चार विकेट गिरने के बाद सिर्फ 38 रन बन सके थे। हालांकि संजू (11 रन, 15 गेंद, दो चौके) ने दूसरे ओवर में रबाडा पर चौका जड़कर आईपीएल में 5000 रन पूरे किए। लेकिन चौथे ओवर में रबाडा ने सैमसन और उर्विल पटेल (चार) को चलता कर दिया।

स्कोर कार्ड

इम्पैक्ट प्लेयर सरफराज खान खाता भी नहीं खोल सके और पांचवें ओवर में सिराज की पहली ही गेंद पर बटलर को कैच थमा बैठे। पावरप्ले में स्कोर सिर्फ 28 रन था। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस (दो रन) को मानव सुथार ने गिल के हाथों कैच करा दिया।

गायकवाड़ ने शिवम संग की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी

फिलहाल गायकवाड़ ने एक छोर संभाल रखा था। उन्होंने शिवम दुबे (22 रन, 17 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों पर 59 रनों की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी की। अरशद खान (2-43) ने शिवम को 16वें ओवर में बोल्ड मारा तो 49 गेंदों पर सत्र का पहला अर्धशतक जड़ने वाले ऋतुराज ने कार्तिक शर्मा (15 रन, नौ गेंद, तीन चौके) व जेमी ओवर्टन (18 रन, 6 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) की मौजूदगी में अंतिम पांच ओवरों में 62 रन जोड़ते हुए दल को डेढ़ सौ के पार पहुंचाया। इस दौरान अंतिम दो ओवरों में 36 रन जुड़ गए।

सोमवार का मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (नई दिल्ली, शाम 7.30 बजे)।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular