1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. TMC के बाद AAP ने भी दिया झटका – सीएम भगवंत मान ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का किया एलान
TMC के बाद AAP ने भी दिया झटका – सीएम भगवंत मान ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का किया एलान

TMC के बाद AAP ने भी दिया झटका – सीएम भगवंत मान ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का किया एलान

0
Social Share

चंडीगढ़, 24 जनवरी। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को एकजुट चुनौती देने की मुहिम में लगे विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. को आज दोहरा झटका लगा। इस क्रम में पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में ‘एकला चलो’ का नारा देते हुए घोषणा कर दी कि उनकी पार्टी बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी। इसके कुछ घंटे बाद ही पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी गठबंधन को लेकर दो-टूक जवाब दे दिया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यहां मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कह दिया कि उनकी पार्टी पंजाब में कांग्रेस के साथ नहीं जा रही है। गौरतलब है कि पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं। भगवंत मान के जवाब के बाद अब यह स्पष्ट हो चुका है यहां की सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

सीएम भगवंत मान से पूछा गया था कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने गठबंधन से इनकार कर दिया है, क्या पंजाब में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ सीटों का बंटवारा करेगी? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि बंगाल का फैसला ममता बनर्जी का है। जहां तक पंजाब की बात है, यहां पर आम आदमी पार्टी अकेले ही मैदान में उतरेगी।

बंगाल और पंजाब का अन्य राज्यों पर भी पड़ेगा असर

देखा जाए तो देश के अलग-अलग राज्यों में I.N.D.I.A. गठबंधन के बीच दरार की खबरें आ रही हैं। बंगाल और पंजाब में तो मुख्यमंत्रियों के एलान के बाद चीजें स्पष्ट हो गई हैं। इसका असर अन्य राज्यों पर भी पड़ना तय है। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे ने ममता बनर्जी की तारीफों के पुल बांधे हैं और उन्हें शेरनी का दर्जा दिया है। वहीं, बिहार में भी चीजें पूरी तरह से नियंत्रण में नजर नहीं आ रही हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code