आम आदमी पार्टी ने रामनवमी पर शुरू की ‘आप का राम राज्य’ वेबसाइट

नई दिल्ली, 17 अप्रैल। आम आदमी पार्टी (AAP) ने ‘राम राज्य’ की अपनी अवधारणा जाहिर करने के उद्देश्य से बुधवार को एक वेबसाइट ‘आप का राम राज्य’ शुरू की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में भगवान राम के आदर्शों को साकार करने की कोशिश की है। इसीलिए आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आज रामनवमी के दिन यह पहल की है।

बताया यह भी जा रहा है कि देश में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण की शुरुआत से पहले यह वेबसाइट ‘आप’ की एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी अपनी छवि को सुधारने की कोशिश कर रही है।

संजय सिंह बोले – आपकी राम राज्यकी अवधारणा को प्रदर्शित करेगी वेबसाइट

दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में कई महीनों तक तिहाड़ जेल में सजा काटकर बीते दिनों बाहर आए AAP के अग्रणी नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह वेबसाइट ‘आप’ की ‘राम राज्य’ की अवधारणा को प्रदर्शित करने के साथ-साथ केजरीवाल सरकार द्वारा किए गए कामकाज की भी जानकारी देगी।

संजय सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ‘राम राज्य’ की अवधारणा को साकार करने के लिए पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त पानी और बिजली तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है। ऐसा पहली बार है कि रामनवमी के मौके पर केजरीवाल अपने लोगों के बीच में मौजूद नहीं हैं।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को झूठे गवाहों के बयानों के आधार पर ‘निराधार’ मामले में जेल भेजा गया है। आम आदमी पार्टी के द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और जैस्मिन शाह भी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular