1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : उद्घाटन मैच से पहले गत वर्ष हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को दी गई श्रद्धांजलि
आईपीएल-19 : उद्घाटन मैच से पहले गत वर्ष हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को दी गई श्रद्धांजलि

आईपीएल-19 : उद्घाटन मैच से पहले गत वर्ष हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को दी गई श्रद्धांजलि

0
Social Share

बेंगलुरु, 28 मार्च। मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के उद्घाटन मैच से पहले खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखकर उन 11 प्रशंसकों को श्रद्धांजलि दी, जिनकी पिछले वर्ष टीम की पहली खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में जान चली गई थी।

पिछले वर्ष जून में आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब की जीत के जश्न के दौरान इसी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में यह अप्रिय घटना हुई थी। जश्न मनाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी और गेट पर बहुत ज्यादा भीड़ हो गई, जिससे भगदड़ मच गई जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हुए और 11 लोगों की मौत हो गई।

बीसीसीआई ने पहले ही रद कर दिया था उद्घाटन समारोह

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भगदड़ में जान गंवाने वाले प्रशंसकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए आईपीएल 2026 का उद्घाटन समारोह को पहले ही रद कर दिया था।

श्रद्धांजलि के तौर पर स्टेडियम की 11 सीटें सदैव खाली रखी जाएंगी

श्रद्धांजलि के तौर पर स्टेडियम की 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखने का फैसला किया गया है। ये सीटें इस स्टेडियम में होने वाले भविष्य के सभी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान हमेशा खाली रहेंगी।

इस बीच लीग के पहले मैच के दिन राज्य के गृह मंत्री और केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने स्टेडियम के अंदरूनी प्रवेश द्वार के पास एक स्मारक पट्टिका का अनावरण किया। मैच से पहले वार्म-अप के दौरान आरसीबी के सभी खिलाड़ियों ने 11 नंबर वाली जर्सी पहनी थी। उस दुखद घटना के बाद भीड़ प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये का निवेश किया गया।

ईशान की धमाकेदार पारी, एसआरएच ने ठोके 201 रन

मैच का जहां तक सवाल है तो पहले बल्लेबाजी पर बाध्य एसआरएच को अपने कार्यकारी कप्तान ईशान किशन की धमाकेदारी पारी (80 रन, 38 गेंद, पांच छक्के, आठ चौके) का सहारा मिला और उसने नौ विकेट पर 201 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में अंतिम समाचार मिलने तक घरेलू टीम (आरसीबी) देवदत्त पडिक्कल (61 रन, 26 गेंद, चार छक्के, सात चौके) व विराट कोहली के त्वरित पचासों से तेजी से लक्ष्य का पीछा करने में लगी थी।

रविवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code