1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. नीट परीक्षार्थियों को बिहार सरकार का तोहफा, परीक्षा के दिन सरकारी बसों में सफर रहेगा बिल्कुल मुफ्त
नीट परीक्षार्थियों को बिहार सरकार का तोहफा, परीक्षा के दिन सरकारी बसों में सफर रहेगा बिल्कुल मुफ्त

नीट परीक्षार्थियों को बिहार सरकार का तोहफा, परीक्षा के दिन सरकारी बसों में सफर रहेगा बिल्कुल मुफ्त

0
Social Share

पटना, 23 मई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने राज्य में सभी नीट परीक्षार्थियों के लिये बस यात्रा को मुफ्त कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि परीक्षा के लिए बिहार की सभी सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।

उन्होंने लिखा, “नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए, बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में यात्रा निःशुल्क रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठों एवं मंदिरों तथा गैर-सरकारी संगठनों से अनुरोध है कि वे बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू आदि की व्यवस्था करने में सहयोग प्रदान करें।”

इसके अलावा उन्होंने परीक्षा के लिए सभी उम्मीदवारों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। सीएम सम्राट चौधरी की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब देशभर में नीट यूजी परीक्षा की तैयारी जोरों पर है। बिहार से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में भाग लेते हैं। कई छात्र दूरदराज के जिलों से पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया जैसे परीक्षा केंद्रों पर आते हैं। ऐसे में परिवहन खर्च उनकी चिंता का बड़ा विषय होता है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से अभिभावकों और छात्रों दोनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने केवल बस यात्रा निःशुल्क करने तक ही सीमित नहीं रखा बल्कि पूरे प्रशासन को परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों पर पेयजल, सत्तू, छाछ जैसी पौष्टिक पेय पदार्थों की व्यवस्था करने के लिए कहा है। साथ ही राज्य के प्रसिद्ध मठ-मंदिरों और एनजीओ से भी सहयोग की अपील की गई है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, सभी जिला मजिस्ट्रेटों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने भी सभी सरकारी बस डिपो को तैयार रहने के निर्देश दे दिए हैं। परीक्षा वाले दिनों में अतिरिक्त बसें चलाई जा सकती हैं। बता दें कि परीक्षा के बाद पेपर लीक होने के चलते जांच के बीच एनटीए ने इस परीक्षा को रद करने की घोषणा की थी। इसके बाद एनटीए ने री-एग्जाम डेट जारी कर दी है। अब नीट 21 जून को दोबारा कराया जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code