UP: संविधान दिवस पर मायावती ने उठाए सामाजिक न्याय के सवाल, बोलीं- बहुजन समाज को शासक वर्ग बनाने का मिशन अधूरा

लखनऊ, 26 नवंबर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संविधान दिवस पर सामाजिक और आर्थिक असमानता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अन्य उपेक्षित वर्गों को जातिवादी शोषण व भेदभाव से मुक्ति दिलाकर सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित कराने का मिशन आज भी अधूरा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बहुजन समाज को राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी चाहिए।

मायावती ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने बहुजन समाज को आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से शासक वर्ग बनाने का सपना देखा था। इसके लिए उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया, लेकिन बहुजन समाज को सत्ता अपने हाथों में लेने का उनका मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है।

आरक्षण के बावजूद गरीबी और बेरोजगारी की समस्या

बसपा प्रमुख ने कहा कि संविधान में आरक्षण सहित कई प्रावधान किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद बहुजन समाज के सामने गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र और राज्य सरकारों के लंबे शासन के बाद भी यदि इन वर्गों को बुनियादी सुविधाओं और सम्मानजनक जीवन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है तो उनके विकास के दावों का क्या औचित्य है। मायावती ने सरकारों से इन मुद्दों पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की अपील की।

आंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक

मायावती ने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा में डॉ. आंबेडकर के समापन भाषण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने उस समय भी सामाजिक और आर्थिक असमानता को लेकर चिंता जताई थी। राजनीतिक लोकतंत्र के साथ सामाजिक लोकतंत्र की स्थापना को भी आवश्यक बताया था।

उन्होंने कहा कि जातिवाद और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के साथ देश को आर्थिक रूप से मजबूत और समानतापूर्ण बनाना जरूरी है। स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को बेहतर सामाजिक व्यवस्था का आधार बनाना होगा।

यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में भेदभाव का मुद्दा उठाया

बसपा अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब का उल्लेख करते हुए कहा कि इन राज्यों में भी बहुजन समाज को जातिवादी मानसिकता और भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी सोच वाली राजनीतिक पार्टियों और उनकी सरकारों के कारण सामाजिक समरसता तथा समानता का उद्देश्य प्रभावित होता है।

मायावती ने बहुजन समाज से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में कानून का राज और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है। संविधान के आदर्शों को प्रभावी रूप से लागू करके ही गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और भेदभाव जैसी समस्याओं से मुक्ति का रास्ता तैयार हो सकता है।

जालंधर में बसपा ने आयोजित किया कार्यक्रम

मायावती ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब के जालंधर में बसपा की ओर से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मायावती ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के संविधान के कल्याणकारी उद्देश्यों को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। संविधान दिवस पर संविधान के मूल्यों की रक्षा और सामाजिक-आर्थिक समानता की स्थापना का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ‘जय भीम, जय भारत और जय संविधान’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular