महिला ACT हॉकी : दीपिका ने फिर जमाई हैट्रिक, अजेय भारत की चीन पर 6-2 से एकतरफा जीत

भोपाल, 24 नवम्बर। सेमीफाइनल का टिकट पहले ही हासिल कर चुकी पिछले दो बार की चैम्पियन भारतीय टीम ने मंगलवार को यहां महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी (ACT) हॉकी टूर्नामेंट की राउंड रॉबिन लीग में अपना अजेय क्रम जारी रखा और दीपिका की लगातार दूसरी हैट्रिक की मदद से चीन को 6-2 के एकतरफा अंतर से हराकर लगातार चौथ जीत हासिल की।

एशियाई खेलों के बाद एसीटी में भी चीन पर श्रेष्ठता कायम

उल्लेखनीय है कि सलीमा टेटे की अगुआई वाली भारतीय टीम ने बीते आइची-नागोया एशियाई खेलों के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर उससे स्वर्ण पदक छीना था और अब यहां नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हॉकी स्टेडियम में भी इस टीम पर अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखी।

FIH रैंकिंग में सर्वश्रेष्ठ पांचवें स्थान पर पहुंची भारतीय टीम

दिलचस्प यह है कि ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ महिला ACT में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम FIH रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गई, जो अक्टूबर 2003 में रैंकिंग शुरू होने के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

मध्यांतर से पहले ही 5-1 की बढ़त ले चुका था भारत

पिछले मैच में थाईलैंड के खिलाफ 7-0 की एकतरफा जीत में भी हैट्रिक जमाने वालीं दीपिका ने मध्यांतर से पहले ही 5-1 की बढ़त ले चुके भारत के लिए पहले, छठे और 14वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा लालरेमसियामी ने 19वें, नेहा ने 22वें और साक्षी राणा ने 38वें मिनट में गोल दागा। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ ने 15वें और चेन टोंग ने 34वें मिनट में गोल किए।

भारत व जापान के 4 मैचों में अधिकतम 12 अंक  

छह टीमों की राउंड रॉबिन लीग में भारत व जापान दोनों के चार-चार मैचों में 12-12 अंक हैं। हालांकि बेहतर गोल औसत के आधार पर जापान अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच बुधवार को राउंड रॉबिन चरण का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शीर्ष स्थान की दौड़ के लिहाज से अहम होगा।

जापान व कोरिया ने भी अपने मुकाबले जीते

दिन के दो अन्य मैचों में जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराया तो कोरिया ने फिसड्डी थाईलैंड पर 1-0 से जीत हासिल की। चीन व मलेशिया के एक जीत व एक बराबरी से बराबर चार-चार अंक हैं जबकि कोरिया पहली जीत के बाद तीन अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। थाईलैंड को अब तक सभी चारों मैचों में पराजय झेलनी पड़ी है।

दीपिका ने पहले ही क्वार्टर में ठोक दिए थे अपने तीनों गोल

मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम की आक्रामकता के सामने उसकी एक नहीं चली। मैच के पहले ही मिनट में दीपिका ने रिवर्स हिट पर गोल दागा। भारत ने लगातार चीनी मुहाने पर हमले जारी रखे और उसके अधिकतर मूव बायें फ्लैंक से बने। नेहा ने छठे मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर दिलाया जिसे दीपिका ने गोल में बदला। उन्होंने 14वें मिनट में तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। इस बीच चीन के लिए पलटवार में फेंग किंगमियाओ ने अगले मिनट गोल किया।

दूसरे क्वार्टर में ऋतुजा भोसले और नवनीत कौर के शानदार मूव पर लालरेमसियामी को गोल के सामने गेंद मिली, जिन्होंने 19वें मिनट में भारत के लिये चौथा गोल किया जबकि नेहा ने 22वें मिनट में रिवर्स फ्लिक पर गोल करके मध्यांतर पूर्व स्कोर 5-1 कर दिया। युवा साक्षी राणा ने 38वें मिनट में छठा गोल दागा। चीन ने एक और गोल किया, लेकिन अंतर इतना अधिक था कि भारत की जीत तय थी।

बुधवार को भारत-जापान मैच से राउंड रॉबिन लीग की शीर्षस्थ टीम का फैसला होगा

राउंड रॉबिन लीग चरण के अंतिम दिन बुधवार को शाम सात  बजे से भारत व जापान का मुकाबला होगा, जिससे शीर्षस्थ टीम का फैसला होगा। दिन के दो अन्य मैचों में मलेशिया की थाईलैंड (अपराह्न 2:30 बजे) और चीन की कोरिया (अपराह्न 4:45 बजे) से मुलाकात होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular