नई दिल्ली, 24 नवंबर। सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। इस पावन अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने गुरु नानक देव जी को नमन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने अपने संदेशों में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए सत्य, सेवा, समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
ओम बिरला बोले- मानवता और आध्यात्मिक चेतना की अनुपम प्रेरणा हैं गुरु नानक देव
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम पातशाही गुरु नानक देव का जीवन और दर्शन मानवता, आध्यात्मिक चेतना तथा नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रेरणा है। ओम बिरला ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपनी वाणी और उपदेशों के माध्यम से ‘एक ओंकार’, सत्य, प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने मानव जीवन को सदाचार और परोपकार की दिशा दिखाई।
लोकसभा अध्यक्ष ने गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सिद्धांत ईश्वर-स्मरण, मेहनत और सामाजिक सहभागिता के जरिए आदर्श जीवन जीने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति, पंथ और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर पूरी मानवता को समानता, बंधुत्व और सद्भाव का संदेश दिया।
नितिन गडकरी और मनोहर लाल ने भी किया नमन
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि गुरु नानक देव जी के विचार हमेशा राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन और प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश साझा करते हुए गुरु नानक देव जी को महान संत और सिख पंथ का संस्थापक बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को सहिष्णुता, बंधुत्व और सद्भावना की सीख दी। मनोहर लाल ने कामना की कि उनके आशीर्वाद से सेवा और परोपकार की भावना सभी के हृदय में हमेशा बनी रहे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया और सिख समुदाय सहित प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि महान संत और सिख पंथ के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर कोटिशः नमन। सीएम योगी ने कहा कि सत्य, सदाचार, समता, प्रेम और करुणा पर आधारित गुरु नानक देव जी का जीवन-दर्शन संपूर्ण मानव समाज के लिए शाश्वत प्रेरणास्रोत है। उनकी पावन शिक्षाएं सभी को सेवा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने दिया मानव सेवा का संदेश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा प्रेम, भाईचारे और समानता के साथ रहने की सीख दी। साथ ही जरूरतमंदों की मदद करने और बिना किसी भेदभाव के सभी का सम्मान करने का संदेश दिया। सीएम सैनी ने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार आज भी पूरी मानवता को सही राह दिखा रहे हैं। इस पावन अवसर पर सभी को उनके दिखाए मार्ग पर चलने और मानव सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने ‘सरबत दा भला’ का दिया संदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर समस्त संगत और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि गुरु साहिब का प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से ‘सरबत दा भला’ यानी सबके कल्याण की भावना को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भलाई के लिए काम करने का संकल्प लेने की अपील की।
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने गुरु नानक देव को किया नमन
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। उन्होंने कहा कि सत्य, सेवा, समानता और मानवता के कल्याण का संदेश देने वाली गुरु नानक देव जी की अमूल्य शिक्षाएं हमेशा समाज को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी। प्रकाश पर्व के अवसर पर देश के प्रमुख नेताओं के इन संदेशों में गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं की प्रासंगिकता और मानवता के प्रति उनके योगदान को याद किया गया।


