नई दिल्ली, 23 नवंबर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और नियामकीय मानकों के गंभीर उल्लंघन पर पांच न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। जांच के दौरान कंपनियों में खराब स्वच्छता व्यवस्था, एक्सपायर्ड सामग्री के इस्तेमाल और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसी खामियां सामने आईं। खाद्य नियामक की कार्रवाई की जद में वेदांत रेमेडीज, ल्यूसिड हेल्थकेयर, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर आई हैं।
वेदांत रेमेडीज का अनुपालन स्कोर सिर्फ 12 प्रतिशत
FSSAI के निरीक्षण में वेदांत रेमेडीज में कई गंभीर कमियां मिलीं। कंपनी में स्वच्छता व्यवस्था खराब थी और कीट नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसके अलावा एक्सपायर्ड फ्लेवरिंग पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था। आयुष और FSSAI लाइसेंस प्राप्त सामग्री के बीच भी उचित पृथक्करण नहीं था, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा बढ़ रहा था। जांच में कुछ उत्पादों का निर्माण वैध खाद्य लाइसेंस के बिना किए जाने की बात भी सामने आई। कंपनी का अनुपालन स्कोर महज 12 प्रतिशत रहा।
ल्यूसिड हेल्थकेयर में कर्मचारियों के पास नहीं था अनिवार्य प्रशिक्षण
ल्यूसिड हेल्थकेयर में भी खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां पाई गईं। नियामक के मुताबिक, यहां स्वच्छता की स्थिति खराब थी और कीट नियंत्रण व्यवस्था भी कमजोर थी। आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के निर्माण की गतिविधियों के बीच पर्याप्त अलगाव नहीं था। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के पास अनिवार्य स्वच्छता प्रशिक्षण भी नहीं था। इस कंपनी का अनुपालन स्कोर 27 प्रतिशत दर्ज किया गया।
एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर में मिली एक्सपायर्ड सामग्री
एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर के निरीक्षण में अस्वच्छ परिसर में संचालन और एक्सपायर्ड सामग्री के भंडारण का मामला सामने आया। कंपनी के पास खाद्य सुरक्षा और परीक्षण से जुड़े अनिवार्य रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। नियामक ने कंपनी को 46 प्रतिशत अनुपालन स्कोर दिया।
दो कंपनियों के लाइसेंस में दर्ज पते पर नहीं मिला वास्तविक संचालन
विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के मामलों में लाइसेंस में दर्ज परिसरों और वास्तविक संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। FSSAI के अनुसार, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स कथित तौर पर ऐसे स्थान से कारोबार कर रही थी, जिसका विवरण उसके लाइसेंस में दर्ज नहीं था। वहीं, एडोरियल हेल्थकेयर के लाइसेंस प्राप्त परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। वहां मौजूद लोगों ने कंपनी से किसी भी प्रकार का संबंध होने से इनकार किया।
उपभोक्ता सुरक्षा के मद्देनजर हुई कार्रवाई
खाद्य नियामक ने कहा कि जांच के निष्कर्ष गंभीर गैर-अनुपालन और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड में भ्रामक जानकारी की ओर संकेत करते हैं। उपभोक्ताओं की सुरक्षा और न्यूट्रास्यूटिकल क्षेत्र में नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित करने के लिए पांचों कंपनियों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई तेजी से बढ़ते न्यूट्रास्यूटिकल और हेल्थ सप्लीमेंट बाजार में उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता और नियामकीय मानकों को सुनिश्चित करने की दिशा में की गई है।


