नई दिल्ली, 21 नवम्बर। मैदान पर अपनी स्पिन गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल अब राजनीति में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। जींद (हरियाणा) के रहने वाले 36 वर्षीय चहल ने इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
भाजपा OBC मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित
दिलचस्प तो यह रहा कि भाजपा में शामिल होते ही वह एक अहम ओहदा भी पा गए और पार्टी ने उन्हें अपने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बना दिया है। इसके अलावा, भाजपा ने शनिवार को 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए हैं। पार्टी के अनुसार ये सभी नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर की गई हैं। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू भी हो गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin द्वारा निम्नलिखित सदस्यों को भाजपा ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अन्य दायित्वों पर नियुक्त किया गया है। https://t.co/eA7HqyuxgC
— BJP (@BJP4India) November 21, 2026
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए चहल
चहल को यह जिम्मेदारी पार्टी के OBC मोर्चा में किए गए नए बदलावों के तहत दी गई है। इस मोर्चे का पूरा नाम अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा हे। भाजपा ने इसकी राष्ट्रीय टीम में कई नए चेहरों को जगह दी है। चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक और उत्तर प्रदेश की वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
भाजपा परिवार में मुझे स्थान व मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी व ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।🙏🏻— Yuzvendra Chahal (@yuzi_chahal) November 21, 2026
अमरपाल मौर्य से भी मिले थे युजवेंद्र
भाजपा में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले युजवेंद्र चहल ने OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति सूची में उनका नाम शामिल किया गया। इस सूची पर अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर हैं। चहल का नाम दिल्ली के तहत दर्ज किया गया है।
7 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों को मिली जिम्मेदारी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए नेताओं में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद शामिल हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन सहनी को भी यह जिम्मेदारी दी गई है।
3 राष्ट्रीय महामंत्री और 7 सचिव नियुक्त
दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय सचिवों की सूची में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू का नाम शामिल है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL में चहल का करिअर
युजवेंद्र चहल के अंतरराष्ट्रीय करिअर पर निगाह दौड़ाएं तो वह उन्होंने 2016 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 72 एक दिनी अंतरराष्ट्री मैचों में 121 विकेट और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 96 विकेट लिए हैं। वर्ष 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में उन्होंने 25 रन देकर 6 विकेट झटके थे। इसके साथ ही वह पुरुष टी20 इंटरनेशनल में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे। 2019 वनडे विश्व कप में चहल ने आठ मैचों में 12 विकेट लिए थे। वह 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चहल मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़कर IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके अगले वर्ष राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वह इस लीग में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
अक्टूबर 2026 में चहल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 49 मैचों में 148 विकेट लिए। उस समय चहल ने कहा था कि उन्हें अब भी वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए दोबारा खेलने की उम्मीद है।
T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय
राजनीति में एंट्री से पहले चहल ने क्रिकेट में भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। हाल ही में वह T20 क्रिकेट में 400 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने यह रिकॉर्ड सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ बनाया।
इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर 18 नवंबर को हुए मुकाबले में चहल ने अमित सात्विक को बोल्ड कर अपना 400वां विकेट पूरा किया। इसके बाद उन्होंने आर. साई किशोर और मणिमारन सिद्धार्थ को भी आउट किया। इस मैच में चहल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनके नाम T20 क्रिकेट में 396 विकेट थे।


