लखनऊ, 21 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान देशभर के मेधावी प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) से जुड़े युवाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समाज में ITI में पढ़ने वाले बच्चों को लेकर बनी हीनभावना को बदलना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘जितना सम्मान IIT के विद्यार्थियों को मिलता है, उतना ही सम्मान ITI के युवाओं को भी मिलना चाहिए।’
आज लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया।
इस अवसर पर माननीय रक्षा मंत्री श्री @rajnathsingh जी, मा. केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री @jayantrld जी, @BJP4UP के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @mppchaudhary जी एवं मा. उपमुख्यमंत्री द्वय श्री @kpmaurya1 जी व श्री @brajeshpathakup जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘नए उत्तर प्रदेश’ में युवाओं को कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें से 7 लाख से अधिक युवाओं को कैंपस चयन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने एवं नियोजित करने में सफलता प्राप्त हुई है।
प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार और सम्मानित होने वाले सभी युवाओं एवं प्रशिक्षकों को बधाई व शुभकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
IIT के विद्यार्थियों के समान ही ITI के युवाओं को भी सम्मान मिलना चाहिए
पीएम मोदी ने कहा कि बड़ी-बड़ी कम्पनियों को चलाने में ITI प्रशिक्षित युवाओं की अहम भूमिका होती है। ITI में सीखा गया कौशल और हुनर विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। IIT हो या ITI, दोनों ही देश की अमानत, सामर्थ्य और भविष्य हैं। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने का अवसर मिलना देश के लिए महत्वपूर्ण है। विकसित भारत का निर्माण युवाओं के हुनर और कौशल से ही होगा।’

‘आक्रांता भारत में आए तो उन्होंने सबसे पहली चोट हमारे हुनर पर की’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत में कौशल व्यवस्था की तबाही में एक और बात का दोष रहा। जब हमारे देश में आक्रांता आए, हमारा देश स्वर्णिम युग लेकर दुनिया के लिए आकर्षण का भी केंद्र था और ईर्ष्या का भी केंद्र था। जब वे (आक्रांता) भारत में आए तो उन्होंने सबसे पहली चोट हुनर पर की। हमारे जो कारिगर हुआ करते थे, कोई चीज बना लें और वो सबसे ज्यादा अच्छी बने तो बनाने वाले के अंगूठे काट दिए जाते थे। क्यों? उन आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही है, हाथों में जो कौशल है वही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है इसलिए उसकी शक्ति नष्ट करनी है तो अंगूठे काट दो। बाद में अंग्रेज आए, उन्होंने तरीका बदला।’
अंग्रेजों ने भी भारत में कौशल को तबाह कर अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘उन्होंने देश के लोगों पर एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपनी शुरू की, जिसमें कौशल आधारित हमारी व्यवस्था कागजी क्लर्क बनाने तक सीमित हो गई। अंग्रेजों ने भी भारत में कौशल को तबाह करके अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया। यहां से सारी चीजें ले गए और समय के साथ अंग्रेजों के कागजी काम को सम्मान के साथ देखा जाने लगा। हमारे समाज की स्थिति ऐसी है कि अगर कोई बच्चा ITI में दाखिल होता है तो उसके मां-बाप रिश्तेदारों को बताते नहीं हैं… मैंने ठान लिया है। मुझे इस परिस्थिति को बदलना है।’
कौशल पर आधारित रही है भारत की पारंपरिक समाज व्यवस्था
उन्होंने कहा कि भारत की पारंपरिक समाज व्यवस्था कौशल पर आधारित रही है। गांवों के जीवन को सुचारू रूप से चलाने में अलग-अलग हुनर और सेवाओं की अहम भूमिका रही है। इसी सोच के आधार पर गुजरात में कौशल विकास का आधुनिक इकोसिस्टम तैयार किया गया। वहीं भारत की पारंपरिक कला और शिल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने चिकनकारी, बनारसी और कांजीवरम रेशम, कश्मीरी पश्मीना, कलमकारी और धातु शिल्प जैसी विरासतों को देश की पहचान बताया।
सीएम योगी बोले – रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से 150 से अधिक ITI में AI, ड्रोन, रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग जैसी उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके जरिए 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला है जबकि 2026 में रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।
हर जनपद में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल एंड एंप्लॉयमेंट जोन’ विकसित करने की कार्यवाही युद्ध स्तर पर आगे बढ़ी है… https://t.co/wWWC5jTpdU
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
अमौसी एयरपोर्ट पर सीएम योगी सहित अन्य नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया
इसके पूर्व खड़गपुर से वैशाली होते हुए अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। मां के अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ पहुंचे सीएम योगी को पीएम मोदी ने इस दुखद घड़ी में सांत्वना दी और दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
इसके बाद पीएम मोदी गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे, जहां पंचम राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में उन्होंने शिरकत की। इस मौके पर सीएम योगी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, उप मुख्यमंत्रीद्वय ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मंत्री मनोज पांडेय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता मौजूद रहे।


