ईटानगर, 21 नवम्बर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति निशान (President’s Colour) प्रदान किया। राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया जाना न सिर्फ अरुणाचल प्रदेश पुलिस बल्कि राज्य की जनता के लिए भी बहुत गर्व का विषय है। किसी भी राज्य के जीवन में ऐसा क्षण एक ही बार आता है। उन्होंने कहा कि उगते सूर्य का प्रदेश अरुणाचल प्रदेश अत्यंत सामरिक महत्व वाली जगह पर स्थित है। यहां की सुरक्षा, शांति, खुशहाली और विकास पूरे देश के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।
देश में यह सम्मान प्राप्त करने वाला अरुणाचल प्रदेश पुलिस 17वां पुलिस बल
अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति निशान साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का प्रमाण है। यह सम्मान तब प्रदान किया जाता है, जब कोई पुलिस बल 15 वर्षों से अधिक समय तक वीरता, समर्पण और बलिदान के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा, ‘हमारे देश में यह सम्मान प्राप्त करने वाला अरुणाचल प्रदेश पुलिस 17वां पुलिस बल बना है, जो हम सबके लिए गर्व की बात है।’
Honoured the Arunachal Pradesh Police with the prestigious President’s Colour for their dedicated service to the people and the nation.
Braving harsh climatic conditions and unforgiving terrain, the force has shielded the rights of citizens, holding aloft the flag of India’s pride and honour.
My heartfelt congratulations to the force on this moment of glory.
— Amit Shah (@AmitShah) November 21, 2026
1971 से पहले असम राइफल्स संभालती थी अरुणाचल की सुरक्षा का काम
गृह मंत्री शाह ने कहा कि एक समय था, जब अरुणाचल प्रदेश में अपनी कोई पुलिस नहीं थी और असम राइफल्स यहां की सुरक्षा का काम संभालती थी। 1971 में जब यह क्षेत्र नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) के नाम से जाना जाता था, तब वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एल.बी. सेवा के नेतृत्व में अरुणाचल प्रदेश पुलिस की शुरुआत हुई।
अरुणाचल के पहले पुलिस प्रमुख एलबी सेवा को अर्पित की श्रद्धांजलि
उन्होंने एल.बी. सेवा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 1974 में मिजोरम में हथियारबंद आतंकवादियों से लड़ते हुए वह वीरगति को प्राप्त हुए। आज सेवा जी जहां भी होंगे, उन्हें यह देखकर बहुत संतुष्टि होगी कि उनके द्वारा बोया गया बीज आज अरुणाचल पुलिस के रूप में एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है और 16 हजार से अधिक के संख्याबल के साथ यह पुलिस बल राष्ट्रपति निशान प्राप्त से सम्मानित हो चुका है। चार रेंज और 29 पुलिस जिलों में फैली अरुणाचल प्रदेश पुलिस देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें अरुणाचल सशस्त्र पुलिस की दो बटालियन और पांच इंडियन रिजर्व बटालियन भी शामिल हैं।
Live from the ceremony to present the President’s Colour to Arunachal Pradesh Police. https://t.co/GI4gy5UwWp
— Amit Shah (@AmitShah) November 21, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश बहुत शांत जगह है। यहां खेती, अपना कारोबार, पढ़ाई-लिखाई करने वाली और धर्ममय जीवन जीने वाली जनता बसती है। लेकिन यह देश के पूर्वोत्तर में सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित है। उन्होंने कहा कि 1863 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा, जिसमें 1226 किलोमीटर चीन, 520 किलोमीटर म्यांमार और 217 किलोमीटर भूटान के साथ, के कारण अरुणाचल की सुरक्षा और शांति न केवल इस प्रदेश के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
ड्रग्स के कारोबार की रोकथाम के नजरिए से अरुणाचल अति महत्वपूर्ण प्रदेश
उन्होंने कहा कि अरुणाचल एक प्रकार से Death Triangle के मुहाने पर स्थित है। पूरे देश में Death Triangle से नारकोटिक्स यानि नशे के सामान की तस्करी होती है। ड्रग्स के कारोबार की रोकथाम के नजरिए से अरुणाचल बहुत महत्वपूर्ण प्रदेश है। आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर उग्रवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स तस्करी और बढ़ते साइबर अपराध को रोकने की दिशा में अरुणाचल पुलिस बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति निशान से सम्मानित होने के बाद अरुणाचल प्रदेश पुलिस अधिक उत्साह और समर्पण के साथ अपनी इन जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी।


