सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ देश की बड़ी उपलब्धि : 9 माह में एक करोड़ से ज्यादा बच्चियों को लगा HPV वैक्सीन

नई दिल्ली, 21 नवम्बर। देश ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के अपने प्रयासों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान’ के तहत इसके शुरुआती नौ माह से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन की एक करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। यह उपलब्धि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है।

पीएम मोदी ने फरवरी में शुरू किया था राष्ट्रव्यापी अभियान

फरवरी, 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह राष्ट्रव्यापी अभियान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की किशोरियों को माता-पिता की सहमति से मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज एचपीवी टीकाकरण किया जाता है। इस अभियान तहत लगभग 1.2 करोड़ बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य था। इसके मुकाबले लगभग 87 प्रतिशत वैक्सीनेशन कर दिया गया है। नौ माह के अंदर एक करोड़ से भी ज्यादा खुराक दी जा चुकी है।

जेपी नड्डा बोले- 12 राज्यों ने पार किया 80 प्रतिशत लक्ष्य

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किए जाने के नौ महीने से भी कम समय में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान ने बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने के लिए बधाई, जिसमें 12 राज्यों ने 80 प्रतिशत को पार कर लिया है।’

जेपी नड्डा ने आगे लिखा, ‘यह शानदार तरक्की देशभर के राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स और माता-पिता के मिलकर किए गए प्रतिबद्धता को दिखाती है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र और यू-विन के जरिए पात्र 14 वर्ष की बच्चियों के लिए मुफ्त, सुरक्षित और असरदार सिंगल-डोज एचपीवी वैक्सीनेशन उपलब्ध होने से, भारत सर्वाइकल कैंसर से मुक्त भविष्य की ओर बढ़ रहा है।’

टीकाकरण स्वैच्छिक, इसके लिए माता-पिता की सहमति जरूरी

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा गया, ‘भारत ने एक करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है! नौ महीने से भी कम समय में, भारत में एचपीवी वैक्सीन की एक करोड़ से ज्यादा खुराकें दी जा चुकी हैं। हर खुराक एक लड़की को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाने में मदद करती है। यदि आपकी बेटी 14 वर्ष की है तो किसी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर मुफ्त, सिंगल-डोज एचपीवी टीकाकरण के बारे में पता करें। यह टीकाकरण स्वैच्छिक है और इसके लिए माता-पिता की सहमति जरूरी है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular