भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों को लेकर जताई चिंता, भारतीय नाविकों की सुरक्षा को बताया सर्वोपरि

नई दिल्ली, 20 नवम्बर। भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में वाणिज्यिक जहाजों पर हाल के दिनों में हुए हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है और इन घटनाओं की निंदा की है। भारत सरकार ने कहा है कि जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में तनाव कम करने और जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत एवं कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है।

भारतीय नाविकों की मौत और घायल होने पर जताई चिंता

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि हाल के हमलों में भारतीय नाविकों की जान गई है और कुछ घायल भी हुए हैं। कुछ हमले भारतीय झंडे वाले जहाजों पर भी किए गए हैं। भारत ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में शांति बहाली के लिए सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने का आग्रह किया है।

अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर आवाजाही की स्वतंत्रता बहाल करने की मांग

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जानी चाहिए। भारत ने हाल में हुए एक अन्य हमले पर भी बयान जारी किया था और इस मामले में संबंधित पक्षों के संपर्क में है। सरकार ने स्पष्ट किया कि समुद्री समुदाय की सुरक्षा और उनका कल्याण भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत दुनिया के सबसे बड़े समुद्री कर्मियों (सीफेयरर्स) वाले देशों में शामिल है और भारतीय नाविकों की संख्या के लिहाज से दुनिया में दूसरे स्थान पर है।

मालवाहक जहाज डूबने के बाद दो भारतीय नाविक बचाए गए, एक लापता

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के पास मालवाहक जहाज ‘अल-फतेह’ डूब गया था। इस घटना के बाद दो भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि एक भारतीय नाविक अब भी लापता है। घटना के बाद संबंधित एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं।

होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर पर प्रोजेक्टाइल से हमला

वहीं बुधवार को ही लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर ‘एमटी नेविग-8 मेसी’ पर फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट के पास पहुंचते समय प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों सहित चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद भारतीय अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

सर्बानंद सोनोवाल ने दी हमले की जानकारी

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि जहाज पर हमला गत 18 नवम्बर को हुआ था। उन्होंने बताया कि जहाज पर मौजूद तीनों भारतीय नागरिकों सहित चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एक भारतीय अधिकारी को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular