महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी : चैम्पियन भारत की शानदार शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से दी शिकस्त

भोपाल, 19 नवम्बर। खिताबी हैट्रिक के लिए तत्पर पिछले दो बार की चैम्पियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने गुरुवार को यहां महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और मलेशिया को 4-1 से पस्त कर दिया।

नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए राउंड-रॉबिन लीग चरण के मुकाबले में मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और पूरे तीन अंक हासिल किए।

मलेशिया ने बनाई बढ़त, मुमताज ने दिलाई बराबरी

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में मलेशिया की नूरमीरा जुल्किफली ने 19वें मिनट में फील्ड गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया और अगले ही मिनट मुमताज खान ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

कप्तान सलीमा और प्रथम प्रवेशी पूजा ने दिलाई बढ़त

बीते एशियाई खेलों की चैम्पियन भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाया। 35वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के दौरान गोल के सामने हुई हलचल के बीच कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद 39वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे भुनाने के साथ प्रथम प्रवेशी पूजा साहू ने टीम की बढ़त 3-1 कर दी।

लालरेम्सियामी ने जीत पर अंतिम मुहर लगाई

चौथे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली, जब  49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इस तरह शुरुआती दो क्वार्टर में कड़ी टक्कर के बाद भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में दमदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की। डेब्यू मैच में गोल करने वालीं पूजा साहू को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

भोपाल में पहली बार हो रहा अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट

उल्लेखनीय है कि भोपाल पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। टूर्नामेंट के पहले दिन स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। स्थानीय हॉकी प्रेमियों ने भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

चीन और जापान ने भी दर्ज की जीत

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 के बड़े अंतर से हराया। वहीं, जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी। जापान के लिए निर्णायक गोल हनामी सैतो ने मुकाबले के 59वें मिनट में किया।

21 नवम्बर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा भारत

टूर्नामेंट में 20 नवम्बर को विश्राम दिवस रखा गया है। इसके बाद 21 नवम्बर को भारतीय टीम अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। भारत की कोशिश मलेशिया के खिलाफ मिली जीत की लय बरकरार रखते हुए खिताब बचाने के अभियान को आगे बढ़ाने की होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular