शिवसेना (शिंदे गुट) नेताओं ने फाड़ी सोनिया गांधी की किताब, वीर सावरकर के अपमान का लगाया आरोप

मुंबई, 18 नवम्बर। शिवसेना (शिंदे गुट) ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging : A Journey of Love) पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। इसी क्रम में शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने भी फाड़े।

हार्परकॉलिन्स से किताब के पन्ने 201 और 443 को हटाने की मांग

शिवसेना (शिंदे गुट) ने सोनिया गांधी पर इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी किताब में सावरकर का अपमान किया गया है। पार्टी ने पूछा कि ‘वीर सावरकर को सर्टिफिकेट देने वाली सोनिया गांधी कौन होती हैं?’ पार्टी ने प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से किताब के पन्ने 201 और 443 को हटाने की मांग की है।

शिवसेना (शिंदे गुट) नेता शाइना एनसी ने कहा, ‘यदि आप इतिहास को बदलने या उसे छिपाने की कोशिश करेंगी तो हम ऐसा नहीं होने देंगे। क्या आप राष्ट्र-निर्माण के बारे में जानती हैं और उस बलिदान के बारे में जानती हैं, जो आजादी के समय करोड़ों भारतीयों ने दिया था? महाराष्ट्र सोनिया गांधी को इसके लिए माफ नहीं करेगा।’

संजय निरुपम का सवाल – उद्धव ठाकरे चुप क्यों?

वहीं शिवसेना(शिंदे गुट) नेता संजय निरुपम ने इस मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी सवाल किया है। उनका कहना है कि इस मामले पर उद्धव चुप क्यों हैं? संजय निरुपम का दावा है कि सोनिया गांधी के आत्मसंस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है।

क्या उद्धव ठाकरे भी सोनिया गांधी के खिलाफ कोई विरोध प्रदर्शन करेंगे?

संजय निरुपम ने कहा, ‘किताब में वीर सावरकर, मराठी अस्मिता का अनादर हुआ। इसके बावजूद उद्धव ठाकरे ने किताब को स्वीकार करना चुना।’ उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने वीर सावरकर का अपमान किया था और उनके खिलाफ काररवाई की बात उठी थी, तब बालासाहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या उद्धव ठाकरे भी सोनिया गांधी के खिलाफ कोई विरोध प्रदर्शन करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular